आपराधिक गतिविधियों के चलते अमेरिका में आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने 300 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से छह भारतीय हैं।

न्यूयॉर्क (पीटीआई)। अमेरिका के छह राज्यों में पिछले एक महीने से देश के आव्रजन कानूनों का उल्लंघन करने और आपराधिक गतिविधियों के चलते आव्रजन विभाग के अधिकारियों ने 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए लोगों में छह भारतीय भी शामिल हैं। यूएस इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (आईसीई) इमिग्रेशन एंड रिमूवल आपरेशन्स (ईआरओ) ने फेडरल अधिकारियों के साथ मिलकर करीब 364 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि ये सभी पिछले एक महीने से अमेरिका के इंडियाना, इलिनोइस, कंसास, केंटकी, मिसौरी और विस्कॉन्सिन में देश के कानूनों का उल्लंघन करते हुए अपराध कर रहे थे।

मैक्सिको के ज्यादा लोग गिरफ्तार

गिरफ्तार किए गए लोग 25 देशों से हैं, जिनमें से सिर्फ छह भारतीय हैं और बाकी कोलंबिया, चेक गणराज्य, इक्वाडोर, जर्मनी, ग्वाटेमाला, होंडुरास, मेक्सिको, सऊदी अरब और यूक्रेन समेत कई अन्य देशों से हैं। गिरफ्तार किये गए 364 लोगों में से 187 को अपराध के लिए दोषी ठहराया गया है। इसके अलावा, गिरफ्तार हुए लोगों में 16 महिलाएं और 346 पुरुष हैं। इनमें से 236 मैक्सिको से हैं। शिकागो क्षेत्र से, आईसीई ने एक 25 वर्षीय भारतीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसे 30 जुलाई को आपराधिक यौन दुर्व्यवहार मामले में दोषी पाया गया था और उसे अभी भी पूछताछ के लिए आईसीई के हिरासत में रखा गया है।
पहले से कई आरोप
इस ऑपरेशन के दौरान ईआरओ निर्वासन अधिकारियों द्वारा गिरफ्तार किए गए आधे से अधिक लोगों पर पहले से ही हमले, हत्या की कोशिश, चोरी, बाल उपेक्षा, बाल यौन शोषण, घरेलू हिंसा, नशीली दवाओं की तस्करी और निर्वासन के बाद अवैध पुन: प्रवेश जैसे अपराधों का आरोप है। आईसीई ईआरओ शिकागो के फील्ड ऑफिस डायरेक्टर रिकार्डो वोंग ने कहा, 'एक खास ऑपरेशन के तहत उन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिन्होंने हमारे देश के आव्रजन कानूनों का उल्लंघन किया है।'

अमेरिका में ट्रंप की चेतावनी, महाभियोग चला तो तबाह हो जाएगा अमेरिकी बाजार

जिसके खिलाफ थे ट्रंप, उसी नीति के तहत उनके सास ससुर को मिली अमेरिकी नागरिकता

Posted By: Mukul Kumar