-पहले चरण में खरीदे गए 134 कंप्यूटर, 100 की और होगी खरीदारी

-सभी विभागाध्यक्ष को दिया जाएगा एक-एक लैपटॉप

बरेली : आरयू कैंपस के सभी विभाग में एक स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब बनेगी। इसके लिए पहले चरण में करीब 134 कंप्यूटर खरीदे गए हैं। बाद में सौ कंप्यूटर और खरीदे जाएंगे। सभी विभागाध्यक्षों को एक-एक लैपटॉप दिया जाएगा। अगले शैक्षिक सत्र तक इसको पूरा कर लिया जाएगा।

तीन साल से चल रही कवायद

आरयू में पिछले दो-तीन साल से स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब और हर विभाग की अपनी लाइब्रेरी बनाने की कवायद चल रही है। लाइब्रेरी के लिए गत वर्ष ही करीब दो करोड़ की लागत से किताबें खरीदी गई थी। हालांकि कई विभागों में ये किताबें ऐसे ही रखी हैं। अब यूनिवर्सिटी ने स्मार्ट क्लास और कंप्यूटर लैब स्थापित करने पर काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में तकनीकी शिक्षा गुणवत्ता सुधार कार्यक्रम (टीईआइक्यूपी) से करीब 99 कंप्यूटर खरीदे गए हैं। जबकि रूसा से 35 कंप्यूटर खरीदे गए हैं। यूनिवर्सिटी के हर विभाग में अब अपनी लैब, लाइब्रेरी होगी। इससे विद्यार्थियों की लाइब्रेरी और कंप्यूटर लैब में जाने की दौड़ से राहत मिलेगी।

एमबीए में थी स्मार्ट क्लास

आरयू में अभी तक एमबीए विभाग में स्मार्ट क्लास थी, जो अभी तक डंप पड़ी थी। इसी सत्र में संसाधनों को बेहतर किया गया है। शिक्षकों का मानना है कि स्मार्ट क्लासेज वक्त की जरूरत है। ऑनलाइन क्लासेज पढ़ाई के नए ट्रेंड के रूप में सामने आए हैं। इससे बाहरी यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर भी छात्रों से सीधे रूबरू हो सकेंगे।

कैंपस में स्मार्ट क्लासेज और कंप्यूटर लैब तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है। इसके लिए कंप्यूटर खरीदे गए हैं।

-डॉ। मनोज कुमार, टीईआइक्यूपी समन्वयक

Posted By: Inextlive