- मायके में पत्नी पर हमला कर फरार हो गया पति

- अक्सर दोनों के बीच होता था झगड़ा

Meerut: कंकरखेड़ा थानाक्षेत्र में घरेलू कलह के चलते पत्नी की चाकू से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया। मंगलवार सुबह पति ससुराल पहुंचा और पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गया। परिजनों ने महिला को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पति पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

जा चुका है जेल

कंकरखेड़ा 683 न्यू सैनिक कालोनी निवासी प्रेम वीर सिंह की 25 वर्षीय बेटी तान्या ने बुलंदशहर निवासी प्रमोद सिरोही से 2007 में प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ समय बाद दंपति में मनमुटाव रहने लगा। अक्सर दोनों के बीच घर खर्च को लेकर लड़ाई-झगड़ा होता था। तान्या ने मुकदमा भी दर्ज कराया था, जिसके बाद प्रमोद को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी। तब से प्रमोद तान्या से और नफरत करने लगा और तान्या मायके में रहने लगी।

हमला कर हुआ फरार

मंगलवार सुबह प्रमोद तान्या के पास पहुंचा। डेढ़ वर्ष की बेटी के साथ खेल ही रहा था कि उसने अचानक चाकू से तान्या के पेट में कई वार कर दिए। उस समय घर में तान्या की मां भी थी। चीख पुकार सुनकर वह तान्या के पास आई तो प्रमोद हमला कर फरार हो गया। इस दौरान कॉलोनी के लोग भी पहुंच गए, लेकिन किसी ने भी प्रमोद को रोकने की कोशिश नहीं की। माता-पिता तान्या को हॉस्पिटल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

अवैध संबंध तो वजह नहीं

पुलिस घटना के पीछे अवैध संबंध का भी मामला बता रही है। प्रमोद ने पुलिस से शिकायत की थी कि उसकी पत्‍‌नी किसी युवक के साथ भाग गई है। बाद में वह वापस आ गई और उसने पुलिस को बयान दिया कि वह पति की मारपीट से तंग होकर चली गई थी। उधर पत्‍‌नी के अलग रहने पर प्रमोद बेटी के वियोग में दुखी रहने लगा था।

---

पति हत्या के बाद फरार हो गया है। जांच चल रही है। दो वजह सामने आ रही हैं। वजहों का पता लगाया जा रहा है।

- यादराम यादव, एसओ, कंकरखेड़ा थाना

Posted By: Inextlive