- सपा-बसपा उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में मिलकर लड़ेंगे चुनाव

- सपा को एमपी में तीन तो उत्तराखंड में एक सीट, बाकी बसपा को

LUCKNOW :

सपा-बसपा यूपी के अलावा मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में भी साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी में है। बसपा सुप्रीमो मायावती व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को इसका औपचारिक ऐलान करने के साथ सीटों के बंटवारे की जानकारी भी दी। खास बात यह है कि सीटों के बंटवारे में बसपा को ज्यादा तवज्जो दी गयी है। दोनों नेताओं द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश में सपा तीन सीटों पर जबकि बाकी पर बसपा तो दूसरी उत्तराखंड में सपा एक सीट पर जबकि बाकी पर बसपा चुनाव लड़ेगी। ध्यान रहे कि पिछले चुनाव में दोनों राज्यों में सपा और बसपा कोई लोकसभा सीट नहीं जीत सकी थी।

एमपी में बसपा बनी किंगमेकर

बताते चलें कि हाल ही में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा को दो सीटों का नुकसान सहना पड़ा था। वहीं सपा को एक सीट मिली थी। मध्य प्रदेश में सपा का वोट बैंक भी बढ़ा था, जबकि बसपा का करीब डेढ़ फीसद घट गया था। सपा का यूपी और एमपी के बुंदेलखंड इलाके में प्रभाव है। लिहाजा लोकसभा चुनाव के लिए सपा को बालाघाट, टीकमगढ़ और खजुराहो सीट दी गयी है। बाकी सीटों पर बसपा अपने प्रत्याशी उतारेगी। इसी तरह उत्तराखंड में सपा को केवल गढ़वाल (पौड़ी) सीट दी गयी है। बाकी सीटों पर बसपा चुनाव लड़ेगी।

मध्य प्रदेश

- 29 लोकसभा की कुल सीटें हैं मध्य प्रदेश में

- 3.80 फीसद वोट बसपा को मिले थे पिछले चुनाव में

- 0.75 फीसद वोट सपा को मिले थे पिछले चुनाव में

- 29 सीटों पर बसपा तो 11 सीटों पर सपा लड़ी थी चुनाव

उत्तराखंड

- 05 लोकसभा की सीटें हैं उत्तराखंड में

- 4.78 फीसद वोट मिले थे बसपा को 2014 में

- 00 सीटें मिली थी बसपा को उत्तराखंड में

- 01 सीट पर सपा इस बार लड़ेगी चुनाव

Posted By: Inextlive