-किदवईनगर में रामलीला ग्राउंड में शुभम हत्याकांड में एसपीओ का नाम सामने आया

-एक विधायक का खास चेला और पुलिस वालों का काफी करीबी है आरोपी एसपीओ

-चार को नामजद और तीन से चार अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज हुई रिपोर्ट

KANPUR : किदवईनगर में रविवार की रात को दशहरा मेले में एक विधायक के चेले के उकसाने पर आधा दर्जन लड़कों ने हेड कांस्टेबल के बेटे की पीट-पीटकर हत्या की थी। बताया जा रहा है कि वो एसपीओ भी है। इसलिए पुलिस उस पर हाथ डालने से बच रही है। हालांकि पुलिस ने अन्य लड़कों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो की गिरफ्तारी कर ली है।

लड़की के भाइयों को उकसाया

जूही में दरोगा लाइन में रहने वाले हेड कांस्टेबल लाल सिंह बाराबंकी में तैनात है। उनके तीन बेटे हैं। जिसमें सबसे छोटा शुभम (ख्0) भाई रजत के साथ यहां रहकर पढ़ाई करता था। जबकि बड़ा बेटा दिल्ली में पढ़ता है। रविवार की रात को शुभम अपने दोस्त आकाश के साथ राजकीय विद्यालय में दशहरा मेला घूमने गया था। वहां पर वो भीड़ में एक लड़की से टकरा गया था। जिस पर उसकी स्थानीय लोगों से बहस हो गई थी। तभी एक एसपीओ वहां पहुंच गया और उसने शुभम पर रौब गांठते हुए थप्पड़ मार दिया। वो शुभम को मारने के लिए लड़की के भाई समेत अन्य लोगों को भी उकसाने लगा। जिससे लड़की का भाई समेत अन्य लोग शुभम को मारने लगे।

एसपीओ ने मारी लोहे की रॉड

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एसपीओ ने ही शुभम पर लोहे की रॉड से वार किया था। जिसे देख लड़की का भाई और उसके दोस्त एक दुकान से लाठी निकाल लाए और शुभम को बेरहमी से पीटने लगे। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, तो एसपीओ ने ही उनको रोक दिया। सूचना पर एसओ फोर्स समेत मौके पर पहुंचे, तो लड़की के भाई और उसके दोस्त वहां से भाग गए, लेकिन एसपीओ वहां डटा रहा। हालांकि वो बाद में पब्लिक के गुस्से को देखकर वहां से खिसक गया। इसी दौरान शुभम के दोस्त, भाई समेत अन्य परिजन भी वहां पहुंच गए, पुलिस उनकी मदद से शुभम को हॉस्पिटल ले गई। जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

विधायक ने की पैरवी

शुभम हत्याकांड में जिस एसपीओ का नाम सामने आ रहा है। वो एक विधायक का खास चेला है। सोर्सेज के मुताबिक उसका नाम पप्पन है। उसको जब शुभम की मौत का पता चला, तो उसने विधायक से ही बचाने की गुहार लगाई। माना जा रहा है कि विधायक की पैरवी और पुलिस के मुंह लगे होने से उस पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। हालांकि शुभम के पिता ने एसपीओ के हत्या में शामिल होने और उकसाने का आरोप लगाया है।

दो आरोपी हिरासत में, एक की तलाश जारी

रामलीला मैदान में शुभम की हत्या के मामले में उसके भाई रजत ने रंजिश दिखाते हुए किदवईनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जूही लाल कालोनी निवासी कालीचरन के बेटे गोपी, रामकुमार के बेटे विजय, शक्तिमान के बेटे गोलू और शेखू को नामजद किया है, जबकि तीन से चार लोग अज्ञात हैं। इसमें पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। रजत ने रंजिश के तहत भाई की हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।

मां को अभी कुछ नहीं मालुम

शुभम की मौत का पता चलते ही हेड कांस्टेबल लाल सिंह देर रात को कानपुर आ गए। वो बेटे का शव देखकर बदहवास हो गए। उन्हें समझ में नहीं आ रहा था कि वो क्या करें। वो सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे, तो यहां पर भी उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। उन्होंने रोते हुए बताया कि शुभम की मां को तो अभी कुछ मालूम भी नहीं है। उनको बेटे की मौत के बारे में कैसे बताएंगे। उनकी हालत को देखकर दोस्तों और रिश्तेदारों ने उनको ढांढस बंधाया।

पुलिस ने पीडि़त पक्ष की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। शेष आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इसमें किसी एसपीओ का नाम सामने नहीं आया है।

मुकेश वर्मा, एसओ किदवईनगर

Posted By: Inextlive