- पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अड़े राज्य कर्मचारी

- दूसरे दिन भरी हुंकार, निकाली संकल्प यात्रा

VARANASI

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अड़े राज्य कर्मचारी और शिक्षकों ने गुरुवार को दूसरे दिन भी हुंकार भरी। कार्यालयों और स्कूल्स में तालाबंदी कर हड़ताली कर्मचारियों ने संकल्प यात्रा निकाली। उधर, हड़ताल के चलते कई विभागों में कामकाज प्रभावित रहा, जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी हुई।

पेंशन लेकर रहेंगे

कर्मचारी-शिक्षक-अधिकारी पुरानी पेंशन बहाली मंच उत्तर प्रदेश के बैनर तले बड़ी संख्या में राज्य कर्मचारी और शिक्षक गुरुवार को चेतगंज स्थित व्यापार कर विभाग पहुंचे। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर कर्मचारियों ने धरना दिया। वक्ताओं ने सवाल किया कि सांसद/विधायक पुरानी पेंशन व्यवस्था लेंगे, लेकिन हम लोगों के साथ अन्याय क्यों। अगर सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो पूरे भारत में आंदोलन होगा। शशिकांत श्रीवास्तव ने कहा कि यह हड़ताल 12 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद आगामी आंदोलन की घोषणा की जाएगी। हड़ताल से प्रभावित जनजीवन के लिए सरकार जिम्मेदार है। राज्य विद्युत परिषद डिप्लोमा इंजीनियर संघ के जिलाध्यक्ष संजय भारती ने कहा कि यदि हड़ताली कर्मचारियों के ऊपर किसी प्रकार का उत्पीड़न किया जाता है तो बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय पर सभा होगी। सभा के अंत में राज्य कर्मचारियों ने लहुराबीर तक संकल्प यात्रा निकाली। चौराहा स्थित चंद्रशेखर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद सभा समाप्त हो गई। अध्यक्षता प्राथमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष संतोष सिंह और संचालन शशांक शेखर पांडेय ने किया।

दफ्तरों और स्कूलों में दिखा असर

हड़ताल के चलते सरकारी दफ्तरों में कामकाज पर असर पड़ा है। अधिकतर कर्मचारी हड़ताल के समर्थन में कार्य नहीं कर रहे हैं। इसके चलते पब्लिक को काफी परेशानी हो रही है। काम न होने पर लोग कर्मचारियों को कोस रहे हैं और प्रशासन को भी कटघरे में खड़ा किया है। यही स्थिति स्कूलों में भी है। वहां भी पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।

हड़ताल को कांगे्रस ने दिया समर्थन

पूर्व विधायक एवं कांग्रेसी नेता अजय राय ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग जायज है। हम राज्य कर्मचारियों के साथ हैं। उन्होंने सरकार से मांग की है कि इसे स्वीकार करते हुए तत्काल संसद में विधेयक लाया जाये।

Posted By: Inextlive