आज ही के दिन सुभाष चंद्र बोस ने पहली बार पोर्ट ब्लेयर में आजादी का झंडा फहराया था। कहा जाता है कि यह झंडा आजाद हिंद फौज का था।


कानपुर। आज का दिन भारतवासियों के लिए बहुत ही खास है क्योंकि इसी दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में आजादी का झंडा फहराया था। वर्ल्ड वॉर टू डेटाबेस की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 30 दिसंबर, 1943 को नेताजी ने पहली बार भारतीय जमीन पर सबसे पहले तिरंगा फहराया था। यह झंडा आजाद हिंद फौज का था। बता दें कि आजाद हिंद फौज की स्थापना 1942 में जापान में रासबिहारी बोस ने की थी। इस फौज में उन भारतीय सैनिकों को शामिल किया गया था जो जापान में बंदी बना लिये गये थे। बाद में इस सेना में बर्मा और मलाया में स्थित भारतीय स्वयंसेवक भी भर्ती किये गये थे। नेताजी दे रहे थे जापानियों का साथ


ब्रिटेनिका के मुताबिक, द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान नेताजी चाहते थे कि भारत ब्रिटेन की ओर से ना लड़े, इसके लिए उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ जमकर विरोध किया था। ब्रिटिशर्स को उनकी बात पसंद नहीं आई और इसके लिए उन्हें अंग्रेज़ों ने जेल में डाल दिया। जेल में रहकर नेताजी ने भूख हड़ताल कर दी, जिसके बाद अंग्रेजों ने उन्हें उनके ही घर में नजरबंद कर दिया। इसके बाद बोस उसी वक्त किसी तरह से भारत से जर्मनी भाग गए और वहां युद्ध लड़ने की ट्रेनिंग ली। जब नेताजी जर्मनी में थे तो उन्हें जापान में आजाद हिंद फौज के संस्थापक रासबिहारी बोस ने आमंत्रित किया और 4 जुलाई, 1943 को एक समारोह के दौरान रासबिहारी ने आजाद हिंद फौज की कमान सुभाष के हाथों में सौंप दी।जापान ने सौंप दिया द्वीप नेताजी सुभाष चंद्र बोस का मानना था कि जापान की मदद से भारत से ब्रिटिश हुकूमत का खात्मा किया जा सकता है। इसलिए वे द्वितीय विश्व युद्ध में जापानी सेना का सहयोग कर रहे थे और जापान भी आजादी की लड़ाई में नेताजी का समर्थन कर रहा था। जापान ने लड़ाई में अंग्रेजों से जीतकर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह पर कब्जा कर लिया था। 21 अक्टूबर, 1943 को नेताजी ने आजाद हिंद सरकार बना ली। चूंकि जापानियों के साथ नेताजी के संबंध बहुत खास थे। इसलिए उन्होंने 7 नवंबर, 1943 को अंडमान-निकोबार द्वीप नेताजी की सरकार को सौंप दिया। सुभाष चंद्र बोस ने 30 दिसंबर, 1943 को पहली बार अंडमान-निकोबार की धरती पर अपना झंडा फहराया। मोदी फहराएंगे झंडा

बता दें कि पोर्ट ब्लेयर में नेताजी द्वारा ध्वज फहराए जाने के 75वीं वर्षगांठ पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ही के दिन यानी कि रविवार को अंडमान-निकोबार द्वीप पर अपना राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। पीटीआई के मुताबिक, अंडमान-निकोबार में अपनी यात्रा के दौरान पीएम मोदी कुछ नए प्रोजेक्ट का एलान भी करेंगे।

Posted By: Mukul Kumar