सूबे के गन्ना मंत्री ने आगरा में किया दावा

आगरा। गन्ना किसानों को लेकर योगी सरकार बेहद गंभीर है। इसका उदाहरण ये है कि गर्मी के मौसम में भी शुगर मिल संचालित हैं। 15 साल में जितना किसी सरकार ने नहीं किया, उतना योगी सरकार ने महज एक साल में कर दिया है। एक साल के अंदर 22200 करोड़ रुपये का भुगतान गन्ना किसानों को किया है। ये बातें गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहीं।

14 हजार करोड़ हुआ पेमेंट

गन्ना मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने पांच साल के कार्यकाल के दौरान गन्ना किसानों का महज 14 हजार करोड़ ही भुगतान किया था। उनके कार्यकाल के दौरान का बकाया योगी सरकार ने चुकाया है। गन्ना किसानों के लिए सपा ने कुछ भी नहीं किया। तीन-तीन साल में किसानों को अखिलेश सरकार में भुगतान ही नहीं किया गया था।

बंद पडे़ सभी मिल होंगे शुरू

उन्होंने बताया कि शुगर मिल जो बंद पड़े थे, उन्हें फिर से शुरू किया जा रहा है। करीब छह शुगर मिलों को शुरू किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि जल्द ही छाता का शुगर मिल भी शुरू किया जाएगा।

जाति नहीं विकास से जीतेंगे

कैराना और नूपुर में हुई हार पर भाजपा के गन्ना मंत्री सुरेश राणा ने बताया कि वर्ष 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में भाजपा को कैराना में 40 प्रतिशत वोट मिले थे, जो बढ़कर अब 46 प्रतिशत हो गए हैं। उन्होंने कहा कि बेशक हार हुई है, लेकिन उनका वोट बढ़ा है। वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में महागठबंधन से भाजपा कैसे मुकाबला करेगी के सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर चुनाव में उतरेगी। भाजपा जाति की राजनीति नहीं करती है। जबकि अन्य दल जातिगत राजनीति पर फोकस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा जीत के लिए वे 51 प्रतिशत वोट हासिल करने पर काम करेगी। पार्टी ने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन हो या फिर कोई और बंधन हो, भाजपा पर विपक्षियों का कोई असर नहीं पड़ने वाला है।

Posted By: Inextlive