- दोबारा संसद में पहुंचने के लिए बीस घंटे मेहनत कर रहे हैं सांसद

- सुबह छह बजे से लेकर लेट नाइट तक बिजी रहते हैं भाजपा प्रत्याशी

- बिना लंच किए प्रचार में जुटे रहते हैं राजेंद्र अग्रवाल

Meerut : मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से जीतकर दोबारा देश की सबसे बड़ी लगने वाली पंचायत में जाने के लिए भाजपा प्रत्याशी और सांसद राजेंद्र अग्रवाल बेताब हैं। वे दिन में आजकल करीब बीस घंटे की मेहनत कर रहे हैं। सुबह से लेकर रात तक जनता के बीच अधिक से अधिक समय बिताकर चुनावी वैतरणी को पार करने में जुटे हुए हैं। बुधवार को आई नेक्स्ट टीम सांसद राजेंद्र अग्रवाल के साथ रही और उनकी पूरी दिनचर्या देखी।

आंख खुलते ही बिजी

आजकल सांसद राजेंद्र अग्रवाल का काफी बिजी शेड्यूल चल रहा है। सुबह सात बजे सांसद समर्थकों के साथ देहात में प्रचार करने के लिए निकल गए। सुबह नौ बजे वापस आए और स्नान करने के बाद फिर चुनाव कार्यालय पहुंचकर प्रचार के लिए ब्रह्मपुरी एरिया में निकल गए। साढ़े दस बजे ब्रह्मपुरी से सांसद ने अपना रोड शो किया, जो शारदा रोड, दिल्ली चुंगी, बहादुर मोटर्स, जैनिस पैलेस से होते हुए रेलवे रोड चौराहा, रेलवे रोड, जैन नगर तिराहा, जैन नगर, बागपत रोड, कमला नगर, पंजाबी पुरा में जाकर शाम को करीब छह बजे समाप्त हुआ। इसके बाद सांसद ने मीटिंग की। सांसद बिना थकान माने सड़क पर जनता के बीच दिखाई दे रहे हैं।

वोटों का गुणा भाग

रात को प्रचार खत्म होने के बाद साढ़े ग्यारह बजे से लेकर साढ़े बारह बजे के बीच चुनाव कार्यालय में वोटों पर बातचीत होती है। कौन से इलाके में किस प्रत्याशी की काफी अच्छी स्थिति है इस पर बातचीत होती है। भाजपा का वोट बैंक कहां-कहां मजबूत है इस पर नेता अपने-अपने विचार रखते हैं।

पांच घंटे की नींद

सांसद केवल इस समय पांच घंटे की नींद ले पा रहे हैं । रात को एक बजे के करीब सो रहे हैं और सुबह छह बजे उठते हैं। रात को जब सोते तब भी चुनाव और उठने के बाद भी चुनाव पर ही ध्यान केंद्रित रहता है। पहले वे समाचार पत्र पढ़ते हैं, इसके बाद घर पर आने वाले समर्थकों के साथ चुनाव पर चर्चा करते हैं।

बिना लंच किए प्रचार

सांसद राजेंद्र अग्रवाल का केवल इस समय पूरा फोकस चुनाव पर है। बुधवार को प्रचार के दौरान उन्होंने दिन में लंच भी नहीं किया। ब्रह्मपुरी से रोड शो शुरू हुआ जो शाम तक चला। इस बीच उन्हें जनसंपर्क के दौरान ब्रह्मपुरी में लोगों ने जूस और बर्फी जरूर खिलाई, लेकिन उन्होंने लंच नहीं किया। पूरे दिन चुनाव प्रचार में जुटे रहे।

क्या कहते हैं सांसद

आजकल चुनाव में काफी बिजी शेड्यूल चल रहा है। सुबह सात बजे से प्रचार शुरू करता हूं जो रात को बारह बजे तक चलता रहता है। लोगों का प्यार मुझे फिर संसद का सफर तय कराएगा।

-राजेंद्र अग्रवाल

भाजपा प्रत्याशी एवं सांसद

सांसद जी चुनाव में काफी बिजी चल रहे है। इस समय दिन-रात बराबर की मेहनत चल रही है। मैं सांसद जी के साथ रहता हूं। पूरे दिन में करीब पांच घंटे की नींद सांसद ले पा रहे हैं।

अंकुर गोयल

भाजयुमो नेता

Posted By: Inextlive