- मृतका के गले पर मिले रस्सी के निशान

- मृतका के पिता ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

- पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की तफ्तीश

देहरादून,

देहरादून, नेहरू कॉलोनी थाना इलाके के चकशानगर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, उसके गले पर रस्सी के निशान मिले। विवाहिता के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर ससुराल पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पुछताछ शुरू कर दी है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

पिता का आरोपी मेरी बेटी की हुई हत्या

मृतका सुनीता के पिता मदन गोपाल निवासी मुरादाबाद यूपी पुलिस में तैनात हैं। सोमवार को उन्हें सुनीता के देवर ने फोन पर सूचना दी कि उनकी बेटी की पलंग से गिरकर मौत हो गई है। उन्हें शक हुआ तो उन्होंने देहरादून की एसएसपी से संपर्क किया और फिर मामले की जानकारी नेहरू कॉलोनी पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और सुनीता का शव कब्जे में ले लिया। मृतका के गले पर रस्सी के निशान थे। इस दौरान मृतका के पिता भी मुरादाबाद से परिजनों के साथ दून पहुंच गए। मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। इसे लेकर उन्होंने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देते हुए ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का केस दर्ज कराया।

5 लाख रुपए की थी डिमांड

सुनीता के पिता मदन गोपाल ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी सुनीता की शादी अमित कनौजिया से हुई थी। उन्होंने शादी के समय सुनीता के ससुराल पक्ष को 3 लाख रुपए कैश, 50 हजार की एफडी और 10 तोला सोना, चांदी दिया था। सुनीता के पति ने दहेज में दिए पैसे शराब में उड़ा दिये। इसके बाद उसने जमीन खरीदने के नाम पर उनसे 5 लाख रुपए की डिमांड की। सुनीता ने इसका विरोध किया तो उसे पीटा गया। कहा कि बेटी ने उन्हें पूरी कहानी बताई तो उन्होंने उसके पति को 1.5 लाख रुपए दे दिए। बाकी पैसे देने से उन्होंने मना कर दिया तो सुनीता के पति ने उसे मौत के घाट उतार दिया।

झूठ बोल कर की थी शादी

मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि सुनीता के ससुराल पक्ष से उनसे शादी से पहले झूठ बोला था कि उनका अपना घर है। शादी के बाद पता चला कि वे किराये के मकान पर रह रहे थे। ऐसे में वह ससुराल पक्ष द्वारा अपने घर के लिए जमीन खरीदने के नाम पर उनसे पैसे की डिमांड की जा रही थी।

नाना - नानी ले गए बच्चे को साथ

सुनीता का एक साल का बेटा है, मां की मौत के बाद जब पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया तो आरोप है कि सुनीता के ससुराल पक्ष ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी। बच्चे को नाना-नानी अपने साथ ले गए हैं। इधर पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।

--------------

महिला ने फंदे से लटक कर जान दी है। मृतका के पिता ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। मृतक के पति समेत परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

राजेश साह, प्रभारी, थाना नेहरू कॉलोनी

Posted By: Inextlive