- सप्तऋषि आश्रम में होने वाले कार्यक्रम के लिए उत्तराखंड समेत छह प्रदेशों के राज्यपाल पहुंचे हरिद्वार

DEHRADUN: ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी के षोडशी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए तमाम संत महंत हरिद्वार पहुंच चुके हैं। वेडनसडे को उत्तरी हरिद्वार के सप्तऋषि आश्रम में होने वाले कार्यक्रम में उत्तराखंड समेत छह प्रदेशों के राज्यपाल और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज चौहान समेत कई वीआइपी शामिल होंगे। संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित आरएसएस के कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना भी जताई जा रही है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

भारत माता मंदिर के संस्थापक पद्मभूषण स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि 25 जून को ब्रह्मलीन हो गए थे। उनकी षोडसी का कार्यक्रम बुधवार को समन्वय सेवा ट्रस्ट, भारत माता मंदिर की ओर से सप्तऋषि आश्रम मैदान में कराया जा रहा है। संस्था के अध्यक्ष आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरी और सचिव आइडी शास्त्री ने बताया कि वेडनसडे की सुबह 10 बजे शुरू होने वाले षोडसी कार्यक्रम में बिहार, गोवा, मेघालय, सिक्किम, झारखंड के राज्यपाल शामिल होंगे। पंचायती निरंजनी अखाड़े के सचिव महंत रामरतन गिरी महाराज ने बताया कि षोडशी कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरी, महामंत्री श्रीमहंत हरिगिरी, आनंद पीठाधीश्वर आचार्य स्वामी बालकानंद गिरी, श्रीमहंत रविन्द्रपुरी सहित सभी तेरह अखाड़ों के संत महंत हरिद्वार पहुंच चुके हैं। वीआइवी मूवमेंट बढ़ने पर पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं।

Posted By: Inextlive