- आई नेक्स्ट ने पीडि़ता से की बात

- मुन्ना शर्मा को भी गंभीर रूप से जख्मी किया

- पुलिस के जाते ही गुंडों ने घटना को दिया अंजाम

- दो साल पहले कंकड़बाग स्थित संजय शर्मा हत्याकांड से जुड़े हैं घटना के तार

PATNA : मंगलवार को जहानाबाद में असामाजिक तत्वों ने दरिंदगी की हद को पार करते हुए महिला को निर्वस्त्र कर जमकर पीटा। पीएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में एडमिट महिला से आई नेक्स्ट ने बात की। उसने बताया कि असामाजिक तत्व उसके घर की तलाशी लेना चाहते थे। पीडि़ता ने इसके लिए महिला पुलिस की मांग की। पुलिस द्वारा घर की तलाशी ली गई। इस दौरान पुलिस को अपहृत चुन्नु शर्मा नहीं मिला तो वह चली गई। पुलिस के लौटते ही सैकड़ों असामाजिक तत्वों की भीड़ ने हमला कर दिया। पीडि़ता जान बचाने के लिए बेटे और बेटी के साथ पड़ोसी के मकान में छुप गई, लेकिन हमलावर भीड़ ने उसके घर में न मिलने पर सामान को तोड़ डाला और उनके घर में छुपे होने की भनक लगते ही उत्पात मचाने लगे। उत्पातियों ने हमलोगों को ढूंढ़ लिया तथा घर में मौजूद उसके रिश्तेदार मुन्ना शर्मा एवं महिला को बेरहमी से पीटा। निर्वस्त्र कर छेड़खानी की। मेरी बच्ची के भी कपड़े फाड़ दिये। पुलिस ने किसी तरह से बच्ची को बचाया।

पीडि़ता ने की न्याय की मांग

पीडि़ता ने बताया कि सभी बिंदु शर्मा गैंग के आदमी थे। इनमें कुंदन, चुन्नु देहुनी, सुकेश और मुकेश शामिल थे। इसके अलावा सैंकड़ों की संख्या में वहां मौजूद असामाजिक तत्व के पास लाठी, डंडा, रॉड और अन्य घातक हथियार थे। घर से नगद, जेवरात और अन्य सामान भी लूट कर ले गए। महिला के सिर, चेहरे, पैर और शरीर के अन्य कई हिस्सों में गंभीर चोट लगी है। वह पीएमसीएच के इमरजेंसी में एडमिट है। इसके साथ ही मुन्ना शर्मा के सिर, दाई आंख में गंभीर चोट है। शरीर के अन्य हिस्सों में भी जख्म है। मुन्ना ने बताया कि उसे सैड़कों गुंडों ने रॉड से पीटा।

जहानाबाद में पुलिस मौजूद थी ये आरोप सच है या नहीं इसकी जांच होगी। दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।

- गुप्तेश्वर पाण्डेय, एडीजी हेडक्वार्टर

Posted By: Inextlive