- सभी टैक्स कलेक्टरों को दिया 50 हजार रोजाना वसूली का लक्ष्य

BAREILLY:

वित्तीय वर्ष के अंतिम महीनों में नगर निगम ने टैक्स की वसूली बढ़ा दी है, लेकिन उसके कई टैक्स कलेक्टर कंप्यूटर कक्ष में बैठकर ही वसूली कर रहे हैं। फ्राइडे को मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललितेश सक्सेना ने कंप्यूटर कक्ष में छापा मारा तो वहां टीसी बैठे मिले। उन्होंने सभी को चेतावनी जारी कर रोजाना का लक्ष्य दे दिया है। दरअसल नगर निगम ने बकाया वसूली बढ़ाने के लिए अभियान छेड़ रखा है।

रोजाना 50 हजार वसूली का लक्ष्य

कुछ दिनों पहले नगर निगम के सभी टीसी को पीओएस मशीनें भी दी गई हैं। साथ ही नगर आयुक्त ने घर-घर जाकर टैक्स वसूली के निर्देश जारी किए हैं। इसके बाबजूद कुछ कर्मचारी अपने काम को सही से नहीं कर रहे हैं। नगर निगम परिसर में स्थित कंप्यूटर कक्ष में ही बैठकर वसूली कर रहे हैं। सूचना पर फ्राइडे दोपहर जब मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना कंप्यूटर कक्ष में पहुंचे तो वहां 40 में से 12 टैक्स कलेक्टर बैठकर लोगों से टैक्स वसूल रहे थे। इस पर मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ने उन्हें चेतावनी दी। और फील्ड में जाकर टैक्स वसूल करने को कहा। इसके साथ ही बैठक कर उन्हें रोजाना का 50 हजार रुपये का लक्ष्य दे दिया। उन्होंने बताया कि रोजाना 50 हजार टैक्स जमा नहीं कराने वाले टीसी पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

Posted By: Inextlive