PATNA: पटना के मनचलों के लिए यह खबर अच्छी नहीं है क्योंकि अब इन्हें लड़कियों से छेड़छाड़ करने से पहले सौ बार सोचना पड़ेगा। अब लफंगों व मनचलों को सही रास्ते पर लाने के लिए महिला दूत मोबाइल दस्ते को सड़कों पर उतारा गया है। दस्ते में तैनात लड़किया ब्लैक बेल्ट और सेल्फ डिफेंस में ट्रेंड हैं जो मनचलों को जरूरत पड़ने पर सबक भी सिखाएंगीं। शुरूआती दौर में 4 जगहों पर इन्हें तैनात किया जाएगा।

15 बाइक सवारों का उतरा दस्ता

15 बाइक सवारों का दस्ता आज से सड़कों पर उतारा गया है। शहर में छेड़खानी की घटना को रोकने के लिए पटना ट्रैफिक पुलिस की ये अनूठी पहल है। इस दस्ते का नाम महिला दूत मोबाइल दस्ता दिया गया है। अभी फिलहाल महिला दूत मोबाइल दस्ते को बेली रोड, स्टेशन रोड, अशोक राजपथ व डाक बंगला रोड की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अगर सब सही रहा तो जल्द ही पूरे शहर में इन्हें फैलाया जाएगा।

अराजक गतिविधियों पर नजर

शहर में छेड़छाड़ की घटनाएं रोकने के साथ ही महिला दूत मोबाइल सड़कों पर होने वाली अन्य अराजक गतिविधियों पर भी नजर रखेंगी। इसके लिए इन्हें विशेष तौर से प्रशिक्षित किया गया है। सड़क पर चलने वाली महिलाएं व बेटियां की सुरक्षा की जिम्मेवारी इनके ऊपर अधिक रहेगी। ये महिला दूत मोबाइल दस्ता मनचलों को सुधारने का काम करेगा।

Posted By: Inextlive