घूरपुर क्षेत्र में यमुना घाट के निकट लाश को बालू में दफनाया

परिजनों की तहरीर पर दर्ज किया गया नामजद मुकदमा

prayagraj@inext.co.in

PRAYAGRAJ: यमुनापार के घुरपुर क्षेत्र के यमुना घाट के समीप दस वर्षीय समीर निषाद की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। इसके बाद हत्यारों ने लाश को वहीं घाट के किनारे बालू में दफना दिया। देर शाम तक किशोर के घर न पहुंचने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो लाश बालू में दबी मिली। सूचना पर पुलिस घटना स्थल पर पहुंची। छानबीन के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस परिजनों की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही है।

घूरपुर थाना क्षेत्र के बसवार दांदुपुर गांव निवासी अरविंद निषाद उर्फ मक्खन का दस वर्षीय बेटा समीर शुक्रवार की शाम शौच के लिए निकला था। उसके साथ उसका दोस्त टिंकू भी था। दोनों यमुना घाट की तरफ गए थे। इसी बीच सामने से बालू लदी गाड़ी आ रही थी। बगल से निकलने पर समीर ने टैक्टर चालक से कहा कि गाड़ी आराम से ले जाओ। इस पर चालक गोकुल पुत्र राम बाबू व टैक्टर मालिक अभिषेक यादव मिलकर समीर को पीटने लगे। अधमरा होने पर आरोपितों ने उसे कूचल दिया। इसके बाद उसकी लाश को वहीं यमुना घाट के पास बालू में दबा दिया। जब काफी देर तक वह घर नहीं पहुंचा, तो परिवार वालों ने खोजबीन शुरू की। घाट के पास समीर की लाश बालू से दबी मिली। पुलिस ने पिता की तहरीर पर गोकुल, अभिषेक यादव, धर्मराज यादव, कमलेश यादव, मुकेश यादव, वरूण सिंह, राजू सिंह व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।

पिता की तहरीर पर आठ नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश की जा रही है।

बृजेश सिंह, थानाध्यक्ष, घुरपुर

Posted By: Inextlive