PATNA : दशहरा से पहले ही ठंड ने दस्तक दे दी है। सोमवार को पटना का न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। इसके कारण दिन में भी ठंड का एहसास हुआ। इस वर्ष यह पहला मौका है जब पटना सहित अन्य कई शहरों का तापमान नीचे गिरकर 18.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। अब दशहरा तक आकाश बिल्कुल साफ रहने की उम्मीद है। हवा में नमी का असर भी दिखा। सोमवार को हवा में नमी की मात्रा 68 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई। यह बीते दिन से दस प्रतिशत ज्यादा है।

पश्चिम से आयी हवा का असर

सोमवार को सुबह से ही लोगों ने ठंड का अहसान किया। नमी और ठंडी हवा दोनों का असर रहा। हिमालय क्षेत्र और पश्चिम दिशा से आ रही ठंडी हवा के कारण न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री पहुंच गया। जबकि अधिकतम तापमान में 33.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 20.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को पटना, गया, भागलपुर और पूर्णिया के तापमान में मामूली वृद्धि की संभावना है।

Posted By: Inextlive