PATNA: पूरा प्रदेश भीषण गर्मी से झुलस रहा है। जून माह में अब तक का सबसे गर्म दिन रहा शुक्रवार। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री जबकि गया में सबसे अधिक 43.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी मौसम की सख्ती बनी रहेगी।

अभी हफ्ते भर का इंतजार

अभी गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। दो से तीन बार मौसम ने करवट बदला है। और अभी यह बेहद गर्म है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून आने में अभी एक सप्ताह लग सकता है। हालांकि राजधानी के आकाश में बादल छाए रहेंगे। कहीं-कहीं प्री-मानसून की छिटपुट बारिश हो सकती है। उधर, शुक्रवार को भीषण गर्मी के कारण दिन में लोग घरों में ही रहे और सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।

पूरे प्रदेश में गर्मी का कहर

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ.शुभेंदु सेनगुप्ता का कहना है कि राज्य में पछुआ हवा चल रही है। पछुआ के कारण ही राजधानी समेत पूरा प्रदेश भीषण गर्मी से झुलस रहा है। राजस्थान से आने वाली गर्म हवा कहर बरपा रही है। राजधानी का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

उड़ गई नमी

जहां एक ओर गर्मी कहर बरपा रही है। वहीं गर्मी ने नमी को मानो गायब ही कर दिया है। पटना की हवा में दिन में नमी की मात्रा मात्र 47 फीसद रिकॉर्ड की गई। यह सामान्य से बहुत ज्यादा रहा।

गया सर्वाधिक गर्म

गया शुक्रवार को राज्य सर्वाधिक गर्म स्थान रहा। गया में अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया की हवा में नमी की मात्रा 32 फीसद रिकार्ड की गई।

Posted By: Inextlive