पटना का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंचा, अभी और बढ़ेगी तपिश

PATNA : पटना समेत आसपास के इलाकों में गर्मी से थोड़ी भी राहत नहीं मिल रही है। शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि जून माह का सर्वाधिक गर्म दिन रहा। साथ ही सामान्य से छह डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। दिन ही नहीं रात में भी गर्मी कहर बरपा रही है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार अभी एक हफ्ते तक मौसम में बदलाव के आसान नहीं है। अभी बारिश की संभावना नहीं है। हवा चल रही है लेकिन नमी से लगे बादलों का कोई पता नहीं है। मानसून करीब दो हफ्ते विलंब हो गया है और फिलहाल इसके बरसने की उमीद भी नहीं है।

43 डिग्री रहेगा तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया है कि पटना का अधिकतम तापमान 43 या इससे भी ज्यादा हो सकता है। जबकि न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ। शुभेंदु सेनगुप्ता का कहना है कि राज्य में पछुआ हवा चल रही है। पछुआ के कारण ही पटना और आसपास गर्मी से झुलस रहा है।

बारिश की फिलहाल उम्मीद नहीं

बिहार में मानसून की बेरुखी का आलम चरम पर है। इंडियन मेट्रोलॉजिकल सोसाइटी के सेक्रेटरी डॉ प्रधान पार्थसारथी का कहना है कि फिलहाल पटना में बारिश के कोई आसार नहीं हैं। बारिश होने के लिए फेवरेवल कंडीशन नहीं बन पाया है। अभी मानसून बंगाल की खाडी के उत्तरी हिस्से पर जाकर थम गया है। इधर हवा चल भी रही है तो उसमें नमी बिल्कुल नहीं है।

दो साल का रिकार्ड टूटा

शनिवार का अधिकतम तापमान 43.0 रिकार्ड किया गया। यह बीते दो साल के अधिकतम रिकार्डेड तापमान से ज्यादा है। 13 जून, 2017 को अधिकतम तापमान 41.0 रहा जबकि 11 जून, 2016 को 41.8 रिकार्ड किया गया।

Posted By: Inextlive