-छत तोड़कर घुसे बदमाश, परिवार को बनाया बंधक

-डॉग स्क्वाड की सहायता भी रही नाकाम

मोदीपुरम: हाइवे स्थित सिवाया गांव में रविवार देर रात सात बदमाश छत की सिल्ली तोड़कर मकान में दाखिल हो गए। बदमाशों ने दस माह की बच्ची की गर्दन पर चाकू रखकर पूरे परिवार को बंधक बना लिया और लाखों रुपए के आभूषण व नकदी लूट ली। करीब दो घंटे तक बदमाशों ने तांडव मचाया और घटना को अंजाम देकर भाग निकले। पीडि़त ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली और बदमाशों की तलाश में कांबिंग की।

सरधना थानांतर्गत सुरानी निवासी सोनू पुत्र राजपाल फिलहाल सिवाया गांव के बाहरी छोर पर बने मकान में पत्‍‌नी सुनीता व दस माह की बच्ची आस्था के साथ रहता है। सोनू ऑटो मिस्त्री का कार्यकर अपने परिवार का पालन पोषण करता है। रविवार देर रात वह अपने परिवार के साथ सो रहा था। रात लगभग एक बजे मुंह पर कपड़ा बांधे सात बदमाश उसकी छत की सिल्ली तोड़कर घर के अंदर दाखिल हो गए। बदमाशों ने सबसे पहले सोनू व उसकी पत्‍‌नी सुनीता को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। पीडि़त ने विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी दस माह की बच्ची आस्था की गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद दंपती चुप हो गए। सोनू के अनुसार बदमाशों ने घर में रखे छह तोले सोने के आभूषण, तीस तोले चांदी के आभूषण, तीस हजार नकद व अन्य कीमती सामान लूट लिया। लगभग तीन बजे तक बदमाशों ने घर में जमकर तांडव मचाया। सुबह सिवाया निवासी समाचार हॉकर रविंद्र वहां पहुंचा तो उसने बंधकों को मुक्त किया। पीडि़त ने बताया कि बदमाशों ने उससे जानकारी की थी उसकी शादी एक साल पहले ही हुई थी। उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सोमवार सुबह आठ बजे दौराला पुलिस पीडि़त सोनू के घर पहुंची। पीडि़त व ग्रामीणों की मांग पर पुलिस ने डॉग स्क्वाड की सहायता ली, परंतु कोई सफलता हाथ नहीं लगी। पीडि़त ने दौराला थाने पर डकैती की तहरीर दी है।

कई घंटे बाद पहुंचे इंस्पेक्टर

सिवाया गांव निवासी सोनू के घर लाखों रुपए की डकैती की घटना की जानकारी के बाद कई घंटे बाद इंस्पेक्टर मौके पर पहुंचे। सोमवार सुबह एसआई रविन्द्र कुमार, दो सिपाही के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण बदमाशों के हौंसले बुलंद हो रहे है।

डकैती की घटना चोरी में दर्ज

सोनू ने डकैती की तहरीर थाने पर दी लेकिन दौराला पुलिस ने डकैती की घटना को चोरी में दर्ज किया है। इंस्पेक्टर जेएस पुंडीर ने कहा कि घटना चोरी की है, इसलिए चोरी में दर्ज किया गया है।

Posted By: Inextlive