ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ की ताजपोशी आज ही के दिन यानी कि 2 जून को हुई थी। बता दें कि महारानी के ताज में 2800 हीरे जड़े हैं और उसके बीच में कोहिनूर है।

इम्पीरियल स्टेट क्राउन भी कहा जाता है
कानपुर। एलिजाबेथ द्वितीय को आज ही के दिन यानी कि 2 जून, 1953 को ब्रिटेन की महारानी का ताज पहनाया गया था, जो कि अपने आप में नायाब और बेशकीमती है। 'एक्सप्रेस न्यूज़' के मुताबिक, महारानी के इस ताज में कोहिनूर और टर्किश हीरे जड़े हुए हैं। इसमें 2800 से ज्यादा बेशकीमती हीरे, सोने और प्लेटिनम जड़े हैं। यह ताज द ग्रेट ब्रिटेन की ऐतिहासिक विरासत का एक प्रतीक है। बता दें कि महारानी के इस ताज को ब्रिटेन में इम्पीरियल स्टेट क्राउन भी कहा जाता है।
ताज की इतनी है कीमत
इम्पीरियल स्टेट क्राउन में 2800 हीरे जड़े हुए हैं और सबसे बड़ा 105 कैरेट यानी करीब 21 ग्राम का हीरा है। इसके अलावा बता दें कि इस ताज के फ्रंट क्रॉस के बीच में कोहिनूर का हीरा है, जो 1851 में भारत से ले जाया गया था। इसके अलावा 17 कैरेट का 3.4 ग्राम का टर्किश डायमंड भी इस ताज में लगा हुआ है। अगर इस ताज की कीमत के बारे में चर्चा करें तो रेडियो टाइम्स के मुताबिक, अभी इसकी कीमत करीब तीन हजार करोड़ से भी ऊपर है।
सर्वाधिक आयु तक जीवित रहने वाली शासिका
गौरतलब है कि इंग्लैंड की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय ब्रिटेन के इतिहास में सर्वाधिक आयु तक जीवित रहने वाली शासक हैं। 21 अप्रैल, 1926 को जन्मी महारानी एलिजाबेथ की ताजपोशी को अब 65 साल पूरे हो चुके हैं। इतने वर्षों में 92 वर्षीय महारानी ने अनेकों घटनाएं देखी हैं, जिनमें प्रिंस एडवर्ड तथा उनकी पत्नी सोफी के पुत्र के जन्म के साथ उनकी तीसरी पीढ़ी के 8वें सदस्य का जन्म और 1997 में उनकी पुत्रवधू राजकुमारी डायना की कार दुर्घटना में हुई मृत्यु शामिल है। इस दौरान महारानी को कई रोचक उपहार भी मिले जिनमें एक तेंदुआ, एक ऊदबिलाव तथा एक हाथी भी शामिल है।

रॉयल वेडिंग : घोडे़ पर शाही कपल मेगन मर्केल और प्रिंस हैरी ने घूमा शहर, यहां देखें वेडिंग फोटोज

महारानी एलिजाबेथ के पास नहीं है पासपोर्ट, जानें उनके बारे में ऐसे ही अनजान तथ्य

 

Posted By: Mukul Kumar