- कल्याणपुर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट की वारदात, अंडे का ठेला लगाने वाले लड़के को अंदर घुसने पर मारी गोली

KANPUR: कल्याणपुर में फ्राईडे रात को रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में घुस रहे अंडा बेचने वाले लड़के को गार्ड ने गोली मार दी। हैलट इमरजेंसी पहुंचने पर डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों के बीच कुछ विवाद हुआ था। जिसके बाद लड़का अपने कुछ साथियों के साथ अपार्टमेंट के गेट पर गार्ड से लड़ने पहुंच गया। जिसके बाद गुस्से में गार्ड ने अपनी रायफल निकाल लड़के पर फायर झोंक दिया। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची। रतन आर्बिट के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया तो पूरी वारदात कैमरों में कैद थी।

अंदर घुसने को लेकर हुआ विवाद

मकड़ीखेड़ा निवासी चेतन सिंह चंदेलल(18) रतन आर्बिट अपार्टमेंट के बाहर काफी वक्त से अंडे का ठेला लगाता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शुक्रवार शाम को चेतन अपार्टमेंट में किसी को अंडे देने जा रहा था। इसी बात को लेकर उसका गेट पर तैनात गार्ड विजय बहादुर से झगड़ा हो गया। थोड़ी देर बाद चेतन अपने कुछ साथियों संग आया। इस दौरान चेतन और बहादुर में झगड़ा बढ़ गया। इसी बीच बहादुर ने रायफल उठा ली तो दोनों के बीच छीनाझपटी होने लगी। जिसमें अचानक फायर हुआ तो चेतन लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

गले में लगी गोली मौके पर मौत

छीनाझपटी में चली गोली चेतन के गले में लगी। मौके पर मौजूद लोग उसे लेकर हैलट इमरजेंसी पहुंचे तो डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची तो उसने रायफल बरामद करते हुए गार्ड को हिरासत में ले लिया।

वर्जन-

युवक का पहले गार्ड से विवाद हुआ था। जिसके बाद वह कुछ लड़के ले आया और अंदर जाने लगा। इसी दौरान छीनाझपटी में गार्ड से गोली चली। जो लड़के के गले में लगी। गार्ड को पकड़ लिया गया है।

- सतीश सिंह, प्रभारी थाना कल्याणपुर

Posted By: Inextlive