ठंड से सहमा जिला अस्पताल, मरीजों को घरों से रजाई लाकर ओढ़ाईंक्रॉसर

दिन भर सतातीं रही हवाएं, गलन से बढ़ी ठिठुरन, हर वर्ग हुआ आहत

बाजार और घरों में जलते रहे रूम हीटर व अलाव

फीरोजाबाद : बुधवार को बर्फीली हवाओं ने सुहाग नगरी कंपकंपा उठी। हर वर्ग के लोगों के लिए ठंड असहनीय हो गई। सुबह से ही कोहरे का धुंधलका छाया रहा और शीतल हवाओं ने लोगों को झकझोर दिया। ठंड का असर जिला अस्पताल में दिखाई दिया। मंगलवार की अपेक्षा मरीजों की संख्या में भी कमी आई। चिकित्सक और कर्मचारी रूम हीटरों पर तापते दिखे।

गुरुवार सुबह लोगों की निद्रा टूटी तो आसमान में कोहरे का धुंधलका सा छाया हुआ था। लोग बाहर निकले तो बर्फीली हवाओं से सहम उठे। ऐसा लग रहा था मानो कहीं बर्फ गिरी हो। हाल यह था कि हर वर्ग के लोग ठंड से आहत दिखाई दिए। गर्म कपड़ों से शरीर पैक दिखाई दिए। कान ढकने को न सिर्फ टोपे, बल्कि मफलर भी बंधे हुए दिखे। वृद्ध और बच्चे तो परेशान हो गए। महिलाएं भी ठंड से व्याकुल हो उठीं। ठंड से राहत पाने को अलाव जलाए गए। सड़कों पर तो सन्नाटा सा पसरा रहा। वही लोग घरों से बाहर निकले जिन्हें जरूरी कार्य से गंतव्य को जाना था। हर कोई बर्फीली हवाओं से ठिठुरता दिखाई दिया। दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए सूर्य देव निकले, लेकिन उनका तेज गायब था। दिन भर बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और घरों में ठंड से राहत को अलाव जलते रहे। कोई कोयला से अंगीठियां जला राहत लेते नजर आए तो कोई कागज व लकड़ी जलाकर। कुल मिलाकर बुधवार को अब तक का सबसे अधिक ठंडा दिन नजर आया। शाम होने के बाद ठंड और बढ़ गई। गलन असहनीय हो गई।

ठंड से जिला अस्पताल भी सहमा-सहमा नजर आया। मरीजों की संख्या में कमी नजर आई। जिला अस्पताल और इमरजेंसी कक्ष में चिकित्सक हों या स्टाफकर्मी सभी रूम हीटरों के पास बैठे नजर आए। वार्डों में भर्ती मरीज और तीमारदार तो शीतलहर से कंपकंपा रहे थे। मरीजों को अस्पताल की तरफ से दिए जाने वाले कंबल अर्थहीन नजर आए। ठंड से बचाव को तीमारदारों को घरों से रजाई मंगानी पड़ी। अनेक मरीज कंबल के ऊपर अपनी रजाई डाले हुए थे। डॉक्टर अपने कक्ष में रूम हीटरों के सहारे मरीजों का चेकअप करते नजर आए। वहीं मरीज व तीमार ठंड की ठिठुरन के बीच दवा ले रहे थे। सुहाग नगर निवासी युवती राखी जिला अस्पताल में किसी कार्य से अपने चाचा के साथ आई थी । बर्फीली हवाओं से उसकी कंपकंपी छूट रही थी। शीत लहर की बजह से बुधवार को जिला अस्पताल में सन्नाटा पसरा दिखा। किसी भी खिड़की और कमरे में मरीजों की भीड़ नहीं दिखी। दोपहर बाद थोड़ी देर के लिए धूप खिली तो लोग राहत में नजर आए। दो फरवरी रहेगी ठंडकमौसम विभाग की मानें तो दो फरवरी तक ठंड के तेवर आक्रामक रहेंगे। इन दिनों सूर्य देव भी अपना असर नहीं छोड़ पाएंगे। तीन फरवरी से मौसम साफ होने का अनुमान है। बुधवार को तापमान न्यूनतम चार और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Posted By: Inextlive