MEERUT : कुश्ती को अलविदा कहने वाली महिला पहलवान अलका तोमर की सगाई शुक्रवार को सादगी भरे अंदाज में हुई. गढ़ रोड स्थित टिम्बकटू रेस्टोरेंट में हुई सगाई में अलका और अनूप ने एक दूसरे को सगाई की अंगूठी पहनाई. शादी सर्दी में होगी.शुरुआत नई पारी की

महिला पहलवान अलका तोमर ने शुक्रवार को दूसरी पारी की शुरुआत की। कुश्ती की रिंग में अच्छे-अच्छे पहलवानों को चित करने वाली अलका ने बुलंदशहर के रहने वाले अनूप सिंह से सगाई की रिंग पहनी। सादगी भरे समारोह में अलका और अनूप के घरवाले मौजूद रहे। लाल रंग की साड़ी में सजी अलका के चेहरे पर खुशी की झलक साफ दिख रही थी, वहीं अनूप भी सलेटी रंग के सूट में चमक बिखेर रहे थे।

सबने दी बधाई
सगाई की रिंग एक दूसरे को पहनाने के बाद दोनों ने फोटो खिचवाई और अंत में एक दूसरे के संग खाना खाया। अलका की ओर से जहां उनके पिता नैन सिंह तोमर, मां मुन्नी देवी, दादी शांति देवी, भाई जग्गा, चाचा डा। एसएस तोमर, कोच जबर सिंह सोम संग सभी प्रशिक्षु महिला पहलवान आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे, वहीं अनूप की ओर से उनके पिता महिपाल सिंह, मां राजेश्वरी देवी, भाई अंकित, बहन ममता आदि मौजूद रहे।

कौन-कौन है ससुराल में
अलका के ससुराल वाले मुख्य रूप से बुलंदशहर के पास कनकपुर गांव के रहने वाले हैं। अलका के होने वाले पति अनूप सिंह ने दीन दयाल विवि हरियाणा से एमटेक किया है। वह इस वक्त नोएडा स्थित अमेटी यूनिवर्सिटी में एसिस्टेंट प्रोफेसर हैं। अनूप के बड़े भाई चंडीगढ़ में इंफोसिस कंपनी में इंजीनियर हैं। जबकि अलका के ससुर महिपाल सिंह मेरठ स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में लेक्चरार हैं। इसके अलावा ससुराल में अलका की सास राजेश्वरी देवी, अंकित की पत्नी और बहन ममता है। ममता की शादी हो चुकी है। वह बुलंदशहर में ही रह रही है।
हमें तो खुशी है कि अलका की सगाई हो गई है। लेकिन अधिक खुशी तब होती जब अलका की सगाई के साथ उसके ओलंपिक में जाना भी पक्का हो जाता।
नैन सिंह तोमर, अलका के पिता

हमने तो अलका को शुरूसे ही खेलते हुए देखा। आज अलका इतनी बड़ी हो गई कि उसकी सगाई हो चुकी है। बस दुख ओलंपिक मेडल का रहेगा।
शांति देवी, अलका की दादी

खुशी बहुत है अलका की सगाई हो गई। उसने पूरी मेहनत की थी। बस ओलंपिक में मेडल और आ जाता।
जबर सिंह सोम, अलका के कोच

हां, मैंने एक बार में हां की थी

MEERUT : एक दूसरे की उंगली में सगाई की अंगूठी पहनाने के साथ ही अलका और उनके पति अनूप ने एक दूसरे के करीब आ गए। इस दौरान दोनों ने ही अपने दिल के जज्बात बयां किए।
- कैसे बनी रिश्ते की बात?
अलका के कोच और मेरे पिता जी के बीच बातचीत हुई थी। एक महीने पहले ही रिश्ता तय हुआ है।
- कैसा लगा अलका तोमर का रिश्ता आना?
काफी चौकानें वाला था। अभी तक मैंने उन्हें टीवी और अखबारों की सुर्खियों में ही देखा था। काफी अच्छा लगा था।
- क्या एक बार में ही हां कर दी थी?
हां, मैंने एक बार में ही अलका के लिए हां कर दी थी।
- कुश्ती में इंटरेस्ट है?
नहीं कुश्ती के बारे में जानकारी नहीं, क्रिकेट तो खेलता आया हूं।
-शादी के बाद अलका को कुश्ती कराएंगे?
हां, अगर अलका चाहती है, तो मुझे कोई परेशानी नहीं है।
- अलका के साथ हुई राजनीति पर कुछ कहेंगे?
मैं तो यही चाहता था, कि अलका ओलंपिक में मेडल जीते। लेकिन कुश्ती की राजनीति में सब कुछ खत्म हो गया।
संन्यास ले लिया तो ले लिया
MEERUT : सगाई के मौके पर रेसलर अलका ने कहा कि दोबारा रिंग में उतरने का कोई इरादा नहीं है। कुश्ती को अलविदा कह दिया है। ये फैसला बदलने वाला नहीं है। लाइफ में नई पारी की शुरुआत कर रही हूं।
- पहले दिन कुश्ती लडऩे पर ज्यादा नर्वस थी या आज?
नहीं आज तो इतना नर्वस नहीं हूं, पहली बार कुश्ती लडऩे पर ज्यादा नर्वस थी।
- कैसा लग रहा है मौका चूक गई?
दुख है, गोल्ड चांस मिस कर दिया। मैं ओलंपिक में मेडल जीत सकती थी।
-शादी के बाद वापसी की सोची है?
नहीं संन्यास ले लिया तो ले लिया।
- बुलंदशहर में खिलाडिय़ों को कोचिंग देंगी?
हां बिल्कुल, अगर मेरी वजह से बुलंदशहर से कोई खिलाड़ी निकलता है तो मुझे फक्र होगा।
- यूनिवर्सिटी के कुश्ती स्टेडियम अब भी जा रही हैं?
हां, क्यूं नहीं मैं रोज जिम जा रही हूं। मैं मोटी नहीं होना चाहती।
- क्या मलाल रहेगा.
जिंदगी में एक मलाल यही रहेगा, कि मैं अपने कोच का सपना पूरा नहीं कर पाई। जब-जब उन्हें देखती हूं, आंखे नम हो जाती हैं।

Posted By: Inextlive