RANCHI : झारखंड में नक्सलियों के मुख्य धारा में लौटने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पीएलएफआई के सब जोनल कमांडर महेश सिंह, एरिया कमांडर सियोन और पुरनो मांझी उर्फ बाबू ने दक्षिणी छोटानागपुर कमिश्नरी के डीआईजी आर के धान के समक्ष अपने हथियार डाल दिए। सिमडेगा जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर नक्सल प्रभावित जलडेगा प्रखंड के एसएस हाई स्कूल में आयोजित समारोह में डीआईजी ने सरेंडर करने वाले नक्सलियों को ईनामी राशि देकर मुख्य धारा में लौटने का स्वागत किया। इन तीन खुंखार नक्सलियों के सरेंडर करने से पीएलएफआई को तगड़ा झटका लगा है।

सभी थे ईनामी नक्सली

सरेंडर करने वाले पीएलएफआई के तीनों नक्सली पर पुलिस ने ईनाम घोषित कर रखा था। सब जोनल कमांडर महेश सिंह पर पांच लाख, एरिया कमांडर सियोन पर दो लाख और पुरनो मांझी पर एक लाख रुपए का ईनाम था। सरेंडर करने के उपरांत महेश सिंह को पांच लाख की ईनामी राशि का चेक व 50 हजार नकद और सियोन था पुरनो को को ईनामी राशि के चेक के साथ 25 हजार रुपए नकद दिए गए। मौके पर डीसी विजय कुमार सिंह, एसपी राजीव रंजन, एसडीपीओ अमित कुमार सिंह, डीएसपी प्रदीप उरांव समेत कई पुलिस पदाधिकारी व आम लोग मौजूद थे।

महेश सिंह पर हैं 21 केस

सबजोनल कमांडर महेश्वर सिंह 2006 में पीएलएफआई से जुड़ा था। 2012 में सूर्या डोन की गिरफ्तारी के बाद उसे जलडेगा क्षेत्र में एरिया कमांडर बनाया गया था। वहीं वर्ष 2014 में जयधर गोप के मारे जाने के बाद महेश्वर सिंह को सब जोनल कमांडर बनाया गया था। महेश सिंह बानो थाना क्षेत्र के टुरियु सतबोरा का रहने वाला है। उसपर बोंगेरा में राशन डीलर रमेश की हत्या समेत कुल 21 हत्या व लूट मामले दर्ज हैं।

8 केस में वांटेड था सियोन

एरिया कमांडर सियोन टोपनो वर्ष 2010 में संगठन में शामिल हुआ था। वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। जेल से निकलने के बाद वर्ष 2014 में पीएलएफआई के महेश के दस्ता में शामिल हो गया। वर्तमान में उसे जलडेगा क्षेत्र में एरिया कमांडर बनाया गया था। उसपर हत्या व लूट के कुल 8 मामले दर्ज हैं। सियोन जलडेगा थाना क्षेत्र के हुटहुटवा का रहने वाला है।

पुरनो पर एक लाख का था ईनाम

पुरनो मांझी को सियोन टोपनो ने ही पीएलएफआई में शामिल कराया था। वह संगठन का हार्डकोर नक्सली था। सियोन के दस्ते के साथ जुड़कर कई घटनाओं को उसने अंजाम दिया। उसके खिलाफ जलडेगा थाने में एक केस दर्ज है। पुलिस ने सियोन पर एक लाख का ईनाम घोषित कर रखा था।

Posted By: Inextlive