RANCHI : झारखंड में टूरिज्म को प्रमोट करने के लिए टूरिज्म डिपार्टमेंट कई नई योजनाएं लागू करने तैयारी कर रही है। इस सिलसिले में डिपार्टमेंट की वेबसाइट पर जल्द ही क्विज का आयोजन किया जाएगा। क्विज के जरिए न सिर्फ लोगों के बीच झारखंड पर्यटन से जुड़ी जानकारियों को साझा करने में सहूलियत होगी, बल्कि इसमें पार्टिसिपेट करने वालों को पुरस्कृत भी किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, इस वर्ष पर्यटन पर्व का थीम 'देखो अपना देश कार्यक्रम' रखा गया है। इसके जरिए देश-दुनिया के सैलानियों को झारखंड के पर्यटन स्थल, कला संस्कृति के साथ यहां के स्पेशल डिशेज की जानकारी दी जाएगी।

अक्टूबर में फूड फेस्टिवल

विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अक्टूबर माह में फूड फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा नवंबर में स्ट्रीट फूड फेस्टिवल आयोजित करने का भी प्लान है। इसके जरिए भी लोगों को यहां के पर्यटक स्थलों की जानकारी दी जाएगी। उनका यह भी कहना है कि झारखंड के टूरिस्ट स्पॉट्स सुरक्षित हैं। यहां आने-जाने वाले सैलानियों को कोई खतरा नहीं है। झारखंडवासियों को चाहिए कि वे सोशल साइट्स पर यहां के टूरिस्ट स्पॉट्स की जानकारी ज्यादा से ज्यादा शेयर करें।

सवा तीन करोड़ लोग हैं ब्रांड अंबेसडर

विभाग का कहना है कि झारखंड पर्यटन का ब्रांड अम्बेसडर यहां की सवा तीन करोड़ जनता है। सूत्र बताते हैं कि झारखंड सरकार की पर्यटन नीति से आकर्षित होकर काफी युवा पर्यटन के क्षेत्र में रुझान दिखा रहे हैं। झारखंड के स्थानीय युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार भी प्रदान किया जा रहा है।

कहानियां होंगी प्रचार-प्रसार का माध्यम

देवघर, इटखोरी, आंजनधाम और पारसनाथ जैसे धार्मिक पर्यटक स्थलों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए भी विभाग ने खास तैयारी कर रखी है। इन धार्मिक स्थलों से जुड़ी कहानियों को प्रचार-प्रसार का माध्यम बनाया जाएगा। इसके अलावा एलइडी वाहन व प्रचार-प्रसार के अन्य श्रोतों का भी इस्तेमाल इसके लिए किया जाएगा।

एक अक्टूबर से नेतरहाट में शरद महोत्सव

नेतरहाट में एक अक्टूबर से शुरू होने वाले शरद महोत्सव की तैयारियां शुरु कर दी गयी हैं। इसके अलावा रांची, हजारीबाग, देवघर आदि पर्यटन क्षेत्र में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। टूर एंड ट्रेवल्स को भी इस कार्यक्त्रम से जोड़ा जाएगा। शरद महोत्सव में हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें शामिल होने वालों को झारखंडी जायका भी परोसा जाएगा। इस बार उत्सव में रॉक क्लाइम्बिंग, वाटर स्पो‌र्ट्स और रोप क्लीम्बलिंग जैसे एडवेंचरस स्पो‌र्ट्स का भी मजा लेने का मौका मिलेगा।

Posted By: Inextlive