शिमला, धर्मशाला और कांगडा के लिए भैंसाली डिपो से मिलेगी बस

जल्द माता वैष्णों देवी के लिए भी शुरु होगा बस का संचालन

MEERUT : यात्रियों के लिए हिल स्टेशन जाने की राह रोडवेज ने आसान कर दी है। पर्यटन को बढ़ावा देने के उददेश्य से उप्र परिवहन के जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश परिवहन से हुए समझौते के तहत वाया मेरठ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और जम्मू कश्मीर के कटरा तक रोडवेज बस का संचालन इस माह से शुरु किया जा रहा है। इस बस सेवा के शुरु होने से यात्रियों को कम दरों में शिमला की बर्फीली वादियों से लेकर माता वैष्णों देवी दरबार तक के सफर का लाभ मिलेगा।

 

शिमला तक मिलेगी सेवा

गत सप्ताह लखनऊ में हिमाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर के लिए बस सेवा संचालित करने का समझौता किया गया।

इसके तहत मेरठ होते हुए शिमला, धर्मशाला और कांगड़ा के लिए सेवा का संचालन शुरु किया जाएगा।

गाजियाबाद से बस का संचालन वाया मेरठ होगा।

 

दरबार की राह होगी आसान

सबसे बड़ा फायदा माता वैष्णों देवी जाने वाले हजारों यात्रियों को होगा।

अब तक मेरठ से वैष्णों देवी के लिए डायरेक्ट बस सेवा नहीं थी।

पहली बार कटरा तक वाया मेरठ बस का संचालन शुरु किया जा रहा है।

इसके रूट प्लान पर अभी असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

 

कटरा के रुट पर आपत्ति

वैष्णों देवी के लिए यात्रियों के लिए मेरठ से वाया हरिद्वार फिर कटरा के लिए बस सेवा का रूट मुख्यालय से भेजा गया था। लेकिन इस रूट पर मेरठ रोडवेज ने आपत्ति जताते हुए रूट बदलने का प्रस्ताव भेजा है। रोडवेज के अनुसार मेरठ से हरिद्वार रूट यात्रियों के लिए उल्टा पडेगा इससे अधिक समय बेकार होगा। इसलिए मेरठ परिवहन ने मेरठ से सहारनपुर फिर कटरा के रूट पर अपनी सहमति जताते हुए संचालन की अनुमति मांगी है।

 

धर्मशाला और कांगडा के लिए गाजियाबाद से बस सेवा शुरु होगी। कटरा के लिए मेरठ से रूट प्लान पर अभी निर्णय बाकी है।

नीरज सक्सेना, आरएम रोडवेज

Posted By: Inextlive