RANCHI: पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुरहू के कटहल टोली में मंगन मुंडा व सामू मुंडा के घरों में छापेमारी कर करीब साढ़े चौदह किलो अफीम बरामद किया है, जिसकी कीमत बाजार में 20 लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। जिले में नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने के बाद भी इसपर लगाम नहीं लग पा रहा है। एकबार फिर से अफीम की खेती को लेकर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है।

एसपी को थी गुप्त सूचना

एसपी खूंटी आलोक को इस बारे में सूचना मिली थी कि मुरहू के कटहल टोली में मंगन मुंडा और सामू मुंडा ने अपने घरों में बड़ी मात्रा में अफीम छुपा रखा है। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी खूंटी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने मंगन मुंडा को घर से 4.2 किलो व सामू मुंडा को घर कटहल टोली से साढ़े सात किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों लोगों की निशानदेही पर मलीयादा ग्राम बरटोली थाना मुरहू से जगन्नाथ मुंडा के घर से 2.8 किलो अवैध अफीम बरामद की है।

पहले भी चार तस्कर धराए थे

29 दिसंबर 2018 को भी खूंटी पुलिस ने अफीम के धंधे में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया था। साथ ही उनके पास से दो किलो अफीम, कैश 20 हजार व एक बाइक भी बरामद की थी। कुछ व्यक्ति चुकरु मोड़ के पास अफीम की बड़ी डील करने वाले थे। एसडीपीओ खूंटी कुलदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया था।

Posted By: Inextlive