- सीओ के गनर से भिड़े बस मालिक पर मुकदमा

- अवैध स्टैंड पर कमाई को लेकर कर रहे गुटबाजी

GORAKHPUR: कैंट एरिया के पैडलेगंज में अवैध स्टैंड चलाने के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। प्राइवेट बस और टेंपो ट्रैवेलर में सवारी भरने के विवाद में दो गुट खुलकर सामने आ गए हैं। बुधवार को पैडलेगंज में हुए विवाद में वाहनों से अवैध वसूली और सीओ ट्रैफिक के साथ ड्यूटी पर मौजूद कांस्टेबल से बदसलूकी के मामले में आरोपी बस मालिक विनय कुमार सिंह के खिलाफ दो अलग- अलग मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। सीओ ट्रैफिक ने कहा कि अवैध ढंग से रुपए लेकर वाहनों को खड़ा कराया जा रहा था। हर वाहन से सवारी भरने के बदले में जबरन आठ सौ रुपया लिया जाता था। उधर एसपी सिटी ने कहा कि विवाद की वजह बने सभी वाहनों को अभियान चलाकर हटाया जाएगा। रेलवे स्टेशन की तरह पैडलेगंज से लेकर नौसढ़ के बीच में अवैध गाडि़यों के खड़े होने पर शिकंजा कसा जाएगा।

अवैध कमाई को लेकर शुरू हुई थी गुटबाजी

पैडलेगंज में टेंपो ट्रैवलेर और बसों का अवैध स्टैंड संचालित होने लगा था। स्टैंड से होने वाली वसूली का फायदा देखकर गुटबाजी शुरू हो गई थी। पूर्व में स्टैंड का काम संभाल रहे लोगों की जगह नए गुट के लोग व्यवस्था संभालने लगे थे। इसको लेकर दोनों पक्षों में रार छिड़ गई। बिना नंबर के गाडि़यों में सवारी भरने को लेकर आए दिन विवाद होने लगा। इस मामले की शिकायत पैडलेगंज में रहने वाले अभिषेक सिंह ने दर्ज कराई थी। इसके बाद से मामला शांत पड़ गया। बुधवार को शिवपुर सहबाजगंज मोहल्ला निवासी जीत प्रकाश सिंह ने बस खड़ी करने के बदले में रुपए मांगने की शिकायत सीओ ट्रैफिक से की। जीत प्रकाश ने सीओ को बताया कि उनके पास दो वाहन हैं जिनको पैडलेगंज से चलाने के बाद मोहद्दीपुर के विनय सिंह जबरन रुपए मांग रहे हैं। दोपहर करीब दो बजे सीओ ट्रैफिक संतोष सिंह पैडलेगंज पहुंचे। उनके साथ मौजूद हमराही सिपाही विश्व भारती गोस्वामी ने आरोपी विनय सिंह की तलाश शुरू कर दी। आरोप है कि अवैध वसूली संबंधी जानकारी लेने पर विनय ने कांस्टेबल संग विवाद कर लिया। अपशब्द कहते हुए अपने तीन अन्य साथियों संग कांस्टेबल पर हमला बोल दिया। कांस्टेबल और उनके सीओ को देखने की धमकी दी। धक्का-मुक्की में सिपाही का नेम प्लेट भी टूट गया।

सीओ के गनर, बस मालिक ने दर्ज कराया केस

मामले की जानकारी सीओ ट्रैफिक ने एसएसपी को दी। कांस्टेबल ने आरोपी विनय कुमार सिंह के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, जानमाल की धमकी देने, सरकारी कर्मचारी से बदसलूकी करने सहित कई धाराओं में केस दर्ज कराया। उधर घटना के बाद जीत प्रकाश सिंह ने कैंट पुलिस को तहरीर देकर बस मालिक विनय कुमार सिंह पर आठ सौ रुपए गुंडा टैक्स मांगने का आरोप लगाया। जीत प्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने रंगदारी, अवैध वसूली सहित कई धाराओं में केस दर्ज करके आरोपित को जेल भेज दिया। बताया जाता है कि पैडलेगंज से संचालित प्राइवेट वाहनों की अवैध वसूली को लेकर दो गुटों में कई दिनों से रार छिड़ी थी। इसको लेकर कई बार पैडलेगंज में मारपीट और फायरिंग की शिकायत पुलिस को मिल चुकी थी। वाहनों के संचालन के मामले में यह सवाल खड़ा हो गया है कि आखिर किसके कहने पर वाहनों का संचालन किया जाता था। पूर्व में जो लोग वाहन चलवा रहे थे, उनको क्यों हटाकर नए लोगों को जिम्मेदारी दे दी गई। कैंट पुलिस सहित अन्य जिम्मेदार पुलिस अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

वर्जन

बस मालिक विनय सिंह के खिलाफ अवैध वसूली की शिकायत मिली थी। पैडलेगंज स्टैंड पर उसने हमारे गनर संग बदसूलकी की। सरकारी काम में बाधा पहुंचाते हुए सिपाही से हाथापाई किया। वह एक बस मालिक से वाहन चलवाने के नाम पर रंगदारी मांग रहा था। इसलिए उसके खिलाफ दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। अवैध वसूली करके वाहनों का संचालन कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।

- संतोष सिंह, सीओ ट्रैफिक

पैडलेगंज में विवाद की सूचना मिली है। इसलिए वहां पर किसी वाहन को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। जिस प्रकार से सभी अवैध वाहनों को रेलवे स्टेशन से हटाया गया है। उसी तरह से पैडलेगंज को भी अवैध वाहन मुक्त किया जाएगा। इसके लिए शुक्रवार से अभियान की शुरूआत की जाएगी। इस मामले में लोकल पुलिस कर्मचारियों के भूमिका की जांच कराई जाएगी।

- विनय कुमार सिंह, एसपी सिटी

Posted By: Inextlive