दूधिया रोशनी में नहाया कीडगंज का दधिकांदो

हाथी पर सवार कृष्ण-बलदाऊ का पुष्प वर्षा कर किया गया स्वागत

ALLAHABAD: प्राचीन श्री दधिकांदो कमेटी कीडगंज की ओर से मंगलवार को भव्यता के साथ दधिकांदो मेले का आयोजन किया गया। निर्मल अखाड़ा के परिसर में कमेटी के संरक्षक शिवानंद जी, देवेन्द्र सिंह शास्त्री व कमेटी के अध्यक्ष प्रण विजय सिंह ने भगवान कृष्ण व बलदाऊ की आरती उतारी। कमेटी के उपाध्यक्ष अंकुश शर्मा मोनू की अगुवाई में 11 विद्वान ब्राह्माणों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया। उसके बाद हाथी पर चांदी के हौदे पर भगवान कृष्ण-बलदाऊ सजधज कर दर्शन देने निकले तो रास्ते भर हर कोई उनके अलौकिक स्वरूप को निहारता रहा और पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया।

स्वच्छता का संदेश, सेना को सलाम

भगवान कृष्ण व बलदाऊ के दल के आगे-आगे चल रही भगवान गणेशजी की भव्य प्रतिमा लोगों को आकर्षित करती रही। दल में सामाजिक, धार्मिक व देशभक्ति से युक्त कलात्मक झांकियां शामिल थी। जहां एक तरफ शहर को स्वच्छ रखने के लिए स्वच्छता का संदेश दे रहे थे वहीं भ्रष्टाचार पर प्रहार व वीर सैनिकों को प्रोत्साहित करते कलाकारों का आकर्षण झांकियों में दिखाई दिया। दल पुलिस बूथ चौराहा, आर्य कन्या चौराहा, हटिया चौराहा, कल्लू कचौड़ी, लोहट्टी, बलुआघाट से बारह खंभा रोड, सतीशाह चौराहा, त्रिवेणी रोड से एडीसी होते हुए मसुरिया मांई मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुआ। जहां भगवान श्रीकृष्ण ने प्रतीकात्मक कंस का वध किया। देर रात तक पूरा एरिया एलईडी लाइट व बिजली की रंगबिरंगी झॉलरों से जगमगाता रहा।

मौज मस्ती का पूरा इंतजाम

कीडगंज के दधिकांदो में खानपान से लेकर मौज मस्ती का पूरा इंतजाम रहा। इलाहाबाद डिग्री कालेज के सामने बड़े और छोटे झूलों पर बच्चों ने खूब धमाल मचाया। फास्ट फूड के दर्जनों स्टॉल पर महिलाओं और बच्चों ने डोसा, चाउमीन, बर्गर व चाट का लुफ्त उठाया।

आज फिर दधिकांदो

कीडगंज में दो दिन दधिकांदो का आयोजन होता है। प्राचीन श्री दधिकांदो कमेटी कृष्णानगर की ओर से बुधवार को दधिकांदो का आयोजन किया जाएगा। संयोजक गणेश केसरवानी ने बताया कि प्राचीन हरिहर बाबा मंदिर में रात आठ बजे कृष्ण व बलदाऊ की आरती उतारी जाएगी।

Posted By: Inextlive