यूएन ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह बोइंग 737 मैक्स 8 को ना उड़ाए। यह निर्णय इथोपियाई एयरलाइन्स का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद लिया गया है।

यूनाइटेड नेशंस (आईएएनएस)। इथोपिया प्लेन क्रैश को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने अपने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वह बोइंग 737 मैक्स 8 को ना उड़ाएं। संयुक्त राष्ट्र के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने गुरुवार को एक प्रेस वार्ता में कहा, 'हमने अपने सभी ट्रैवेल ब्यूरो को निर्देश दिया है कि वे यूएन अधिकारियों को उस तरह की फ्लाइट में यात्रा ना कराएं, जो इथोपिया में क्रैश हो गया था।' उन्होंने कहा कि यह कदम सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है और दुनिया में कई देशों ने इस तरह का निर्णय लिया है, उन्होंने सिर्फ उसका पालन किया है।
प्लेन क्रैश में मारे गए यूएन के 21 अधिकारी
रविवार को, इथोपिया एयरलाइंस का बोइंग 737 मैक्स 8 विमान अदीस अबाबा से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में सभी 157 लोग मारे गए, जिसमें संयुक्त राष्ट्र के 21 अधिकारी भी शामिल थे। इसके अलावा एक अन्य बोइंग 737 मैक्स 8 विमान अक्टूबर में इंडोनेशिया में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 189 लोग मारे गए थे। पांच महीने से भी कम समय में एक ही मॉडल की दूसरी दुर्घटना के बाद 737 मैक्स को लेकर दुनिया भर में सुरक्षा संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं, यही कारण है कि कई देशों ने इस फ्लाइट को बंद कर दिया है। बता दें कि बोइंग का 737 मैक्स 8 मॉडल दुनिया का सबसे पॉपुलर मॉडल है, वर्ल्ड में एयरलाइन्स कंपनियां सबसे ज्यादा इसी मॉडल का इस्तेमाल करती हैं। चीन दुनिया का पहला ऐसा देश है, जिसने सभी बोइंग 737 मैक्स 8 विमानों को सस्पेंड कर दिया। इसके बाद भारत, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका सहित 40 से अधिक देशों ने भी इसी तरह का निर्णय लिया।

भारत में भी नहीं उड़ेगा बोइंग 737 मैक्स, 157 यात्रियों की मौत के बाद लगी रोक

भारत और चीन के बाद हांगकांग ने भी अपने देश में बोइंग 737 मैक्स को किया बैन

Posted By: Mukul Kumar