प्रतापपुर लाइव

समय- सुबह 11 बजे

मतदान केंद्र- प्राथमिक विद्यालय प्रतापपुर प्रथम

vikash.gupta@inext.co.in

लोग परेशान थे, क्योंकि वोटर लिस्ट से उनका नाम गायब था। बीएलओ भी उनकी मदद नहीं कर पा रहे थे। कुछ लोग वोट दिए बिना लौट गए। जो मौजूद थे वे पूरे जोश में थे। धूप में तपते हुए भी लाइन में लगे थे। अ‌र्द्धसैनिक बलों ने पूरे केंद्र को कब्जे में ले रखा है। सौ मीटर की दूरी तक सन्नाटा पसरा है। सुबह से वोटिंग काफी स्लो नजर आई। यहां चार घंटे में कुल 2036 में से महज 392 वोट ही पड़े थे।

पिछली बार वोटर सूची में नाम दर्ज था। इस बार नहीं मिल रहा है। पता नहीं कैसे मेरा नाम कट गया। बीएलओ ने कहा कि ढूंढ़ के निकाल रहे हैं। अभी वोट नहीं दे पाया हूं।

गुलाम मुस्तफा, प्रतापपुर

भईया पिछले कई साल से वोट दे रहे हैं लेकिन अभी तक गांव का विकास नहीं हुआ। लेकिन, क्या करें। वोट तो देना ही होगा। इस बार भी इसी उम्मीद से आए हैं कि शायद भविष्य में सुनवाई हो जाए।

रामकली, प्रतापपुर

समय- सुबह 11:30

मतदान केंद्र- प्राथमिक विद्यालय सेमरी प्रतापपुर

पिछले कुछ चुनावों में बदनाम रहे सेमरी गांव पर इस बार आयोग की विशेष नजर थी। भारी संख्या में सुरक्षा बलो की तैनाती गई थी। इस केंद्र तक वाहन से पहुंचना संभव नही था। इसलिए रिपोर्टर को पैदल चलकर जाना पड़ा। यहां साढ़े चार घंटे में 25 फीसदी के आसपास वोट पड़ चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि अभी तक तो शांतिपूर्ण मतदान चल रहा है। लगभग यह सीन पूरे प्रतापपुर विधानसभा में देखने को मिला।

मैं पहले यहां से प्रधान रह चुकी हूं। गांव का विकास हुआ है और यही कारण है कि मतदाता बिना किसी शिकायत के वोट देने पहुंच रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था बेहतर है और कोई दिक्कत नही है।

राजकुमारी, पूर्व प्रधान, सेमरी

जो क्षेत्र का विकास करेगा, हमलोग उसी को वोट दे रहे हैं। जोर जबरदस्ती से कोई वोट नहीं ले सकता। इस बार व्यवस्था अच्छी है और शांतिपूर्ण तरीके से सुबह से वोटिंग चल रही है।

कलावती, सेमरी

Posted By: Inextlive