RANCHI : पलामू के रक्षित राज ने यूपीएससी के सिविल सर्विसेज एग्जाम में तीसरा स्थान लाकर पूरे झारखंड का नाम रौशन किया है, तो रांची की नैंसी सहाय को 36वां स्थान मिला है। गुरुवार को यूपीएससी ने सिविल सर्विसेज एग्जाम का फाइनल रिजल्ट पब्लिश्ड कर दिया। इस बार सिविल सर्विसेज में झारखंड के दर्जनभर से ज्यादा कैंडिडेट्स सफल रहे हैं।

मेहनत ने दिया परिणाम

यूपीएससी के सिविल सर्विसेज के टॉपर्स में शामिल रक्षित राज पिछले साल भी यूपीएससी के सिविल सर्विसेज के लिए सेलेक्ट किए गए थे। इंडियन फॉरेस्ट सर्विस के लिए वे चुने गए थे, लेकिन रक्षित का लक्ष्य आईएएस बनना था। उन्होंने सिविल सर्विसेज की तैयारी जारी रखी। इसी का परिणाम है कि इस साल रक्षित ने न सिर्फ सिविल सर्विसेज में सफलता प्राप्त की, बल्कि थर्ड टॉपर बनकर अपने को प्रूव कर दिखाया।

एमवी राव की बेटी भी सफल

झारखंड कैडर के आईपीएस ऑफिसर एमवी राव की बेटी एम दीपिका भी सिविल सर्विसेज की परीक्षा में सफल रही हैं। दीपिका को 135वां स्थान प्राप्त हुआ है। दो वर्ष पहले 2012 में आईपीएस एमवी राव के बेटे हर्ष मांडवा ने भी यूपीएससी की परीक्षा में सफलता हासिल की थी।

रांची ने दिए कई आईएएस

यूनियन पब्लिक सर्विस कमीशन की सिविल सर्विसेज में रांची के कैंडिडेट्स सफल रहे हैं। यहां की नैंसी सहाय ने सिविल सर्विसेज मे 36वां स्थान हासिल किया है तो मेरिट लिस्ट में शशांक गौरव का 58वां स्थान है। इसके अलावे दीपिका का 135 रैंक, रुनल का 492 रैंक, नमन का 981 रैंक और प्रियतम का 1044 रैंक है।

चतरा के लाल को 648वां स्थान

चतरा के निशांत कृष्ण भी सिविल सर्विसेज के लिए चुन लिए गए हैं। निशांत को 648वां स्थान मिला है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सीनियर स्पेशल असिस्टेंट के पद से रिटायर्ड कृष्ण कुमार जायसवाल के बेटे निशांत ने यह सफलता प्राप्त कर चतरा का मान बढ़ाया है। निशांत की मां चित्ररेखा जायसवाल मारवाड़ी टोला मिडिल स्कूल में टीचर हैं।

चाणक्या का बेहतर रिजल्ट

चाणक्या एकेडमी का इस बार सिविल सर्विसेज में बेहतर रिजल्ट रहा है। इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर एके मिश्रा ने बताया कि यहां के करीब 250 स्टूडेंट्स सिविल सर्विसेज में सफल रहे हैं। इन स्टूडेंट्स में 12 झारखंड से बिलांग करते हैं।

Posted By: Inextlive