पाकिस्तान में सक्रिय संगठन 'जमात उद दावा' के प्रमुख हाफिज सईद पर अमरीका ने करीब 50 करोड़ रुपए 1 करोड़ डॉलर का इनाम रखा है.

अमरीका ने यह इनाम हाफिज सईद को पकड़ने या पकड़ने में मदद करने वाली जानकारी देने पर रखा है। भारत विरोधी बयानों के लिए पहचाने जाने वाले हाफिज सईद लश्कर-ए-तैयबा का प्रमुख भी हैं।

हाफिज को 26 / 11 को मुंबई पर हुए हमले का कथित 'मास्टरमाइंड' भी माना जाता है। इस हमले में 160 लोग मारे गए थे। अमरीका ने दुनिया में 'आंतकवाद के लिए जिम्मेदार' लोगों की सूची जारी की है। इस सूची में हाफिज सईद दूसरे नंबर पर है।

पहली बार भारत की यात्रा पर आई अमरीकी अंडरसेक्रेटरी ऑफ स्टेट वेंडी शरमन ने भारतीय अधिकारियों को बताया है कि सईद के साले और लश्कर के सहसंस्थापक अब्दुल रहमान मक्की पर भी 10 करोड़ का इनाम रखा गया है।

ओसामा बिन लादेन की मौत के बाद अलकायदा के चीफ बने अयमान अल जवाहिरी पर अमरीका ने सबसे ज्यादा 25 मिलियन डॉलर यानि 125 करोड़ रुपए का इनाम रखा है। दूसरे नंबर पर हाफिज सईद के साथ अबू दुआ और तालिबान के मुल्ला उमर हैं।

Posted By: Inextlive