हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया बद्रीनाथ की दुल्हनिया के बाद दुल्हनिया सीरीज की तीसरी फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म में भी आलिया व वरुण की ही जोड़ी नजर आने वाली है।


मुंबई (ब्यूरो)। पहले 'अक्टूबर', फिर 'सुई धागा' को बॉक्स ऑफिस पर मिले रेस्पांस ने वरुण धवन की सोच को फिर से यूटर्न लेने पर मजबूर कर दिया। 'मैं तेरा हीरो' और 'जुड़वां 2' जैसी कमर्शियल मसालेदार फिल्मों को मिले बंपर कलेक्शन के बाद वरुण धवन के लिए 'अक्टूबर' और 'सुई धागा' जैसी फिल्मों में काम करने के फैसले को ठीक नहीं माना गया। 

जल्द शुरू होगी 'जुड़वां 3' 

चर्चा है कि वरुण धवन पर फिर से कमर्शियल फिल्मों में लौटने का दबाव है, इसीलिए 'जुड़वां 3' के प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिल चुकी है। 'बेटा नंबर वन' टाइटिल से वे अपने पापा डेविड धवन की नई फिल्म शुरू करेंगे। इसके साथ ही करण जौहर की कंपनी में वरुण धवन की नई फिल्म को लेकर हलचल है। कुछ दिनों पहले वरुण के साथ 'रणभूमि' फिल्म शुरू होने वाली थी, लेकिन इसे रोक दिया गया है। इसकी जगह 'दुल्हनियां' सीरीज की तीसरी फिल्म शुरू करने का फैसला किया है।

 तीसरी दुल्हनियां की कहानी पर काम शुरू 

'धड़क' से निपटे शशांक खेतान ने 'हंप्टी शर्मा की दुल्हनियां' और 'बद्रीनाथ की दुल्हनियां' के बाद तीसरी दुल्हनियां की कहानी के पहले ड्राफ्ट पर काम करना शुरू कर दिया है। जोड़ी में इस बार भी वरुण-आलिया ही होंगे और इस बार भी कहानी एक छोटे शहर से ही होगी। शशांक की सुनें, तो अगले साल तक दुल्हनियां शुरू होकर 2020 में रिलीज हो सकती है।

ये भी पढ़ें: 'हाउसफुल 4' में नाना की जगह लेने के लिए ये अभिनेता रेस में!


Posted By: Swati Pandey