-बांसगांव में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को गोली मारकर लूटी थी नकदी

-एक ही दिन दूसरी वारदात करने में दबोचे गए बाइक सवार बदमाश

GORAKHPUR: ग्राहक सेवा केंद्र पर लूट के दौरान संचालक को गोली मारकर भाग रहे दो बदमाश पकडे़ गए। बांसगांव में गुरुवार शाम एक पूर्व सैनिक के हिम्मत दिखाने पर जुटी पब्लिक ने बदमाशों को घेर लिया। गेहूं के खेत में दोनों की पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंपा। बदमाशों के पास से पिस्टल और नकदी बरामद हुई है। बदमाशों के हमले में घायल ग्राहक सेवा केंद्र संचालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पकड़े गए बदमाशों से कई घटनाओं के पर्दाफाश होने की उम्मीद है। पुलिस मान रही है कि दोनों के पकड़े जाने से ग्राहक सेवा संचालकों को राहत मिलेगी।

पब्लिक ने घेरा, खेत में दौड़ाकर पीटा

बांसगांव, बसौली में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र है। गुरुवार शाम करीब चार बजे संचालक प्रमोद चौहान केंद्र पर बैठकर अपना काम निपटा रहे थे। तभी बाइक सवार हेलमेट लगाए दो युवक पहुंचे। असलहा निकालकर दिनभर की जमा रकम मांगने लगे। लेकिन संचालक ने रुपए देने से मना कर दिया तो गोली दाग दी। पैर में गोली लगने से प्रमोद घायल हो गए। काउंटर में रखा 50 हजार रुपया लेकर बदमाश निकल गए। गोली चलने पर आसपास के लोग जमा होने लगे। लूट की रकम लेकर बदमाश भागने में कामयाब हो पाते। इसके पहले उनकी किस्मत दगा दे गई। बंद बाइक को स्टार्ट करने के चक्कर में वहां मौजूद एक पूर्व सैनिक ने बदमाशों को ललकार दिया। लोगों को डराने के लिए बदमाशों ने गोली दागनी चाही। लेकिन उनकी पिस्टल से गोली दगी नहीं। भरपूर मौका मिलने पर पब्लिक ने बदमाशों को खदेड़ लिया। गेहूं के खेत में भाग रहे बदमाशों को घेरकर खूब पीटा।

दो घंटे में की दूसरी वारदात, पकड़े गए बदमाश

बदमाशों से पूछताछ कर पुलिस जानकारी जुटा रही है। दोनों गगहा, भलुआन के रहने वाले हरीश सिंह और विजय सिंह बताए जा रहे हैं। बांसगांव में ग्राहक सेवा केंद्र संचालक पर हमले के ठीक दो घंटे पहले दोनों बदमाशों ने गगहा, गजपुर के सीयर मोड़ पर लूट की थी। दोपहर में करीब दो बजे एसबीआई के ग्राहक सेवा केंद्र संचालक अनिल गुप्ता को तमंचा सटाकर 37 हजार लूट ले गए थे। अतायर निवासी अनिल दोपहर दो बजे रुपए बांट रहे थे। तभी नकाबपोश दो बदमाश पहुंचे। पिस्टल सटाकर रुपए मांगने लगे। पिस्टल की धमकी पर अनिल ने नकदी दे दी थी। इस वारदात की पुलिस छानबीन कर पाती। इसके पहले बदमाशों ने दूसरी जगह पर गोली दाग दी जहां उनकी किस्मत दगा दे गई।

कई घटनाओं में शामिल होने की आशंका

27 दिसंबर को बेलीपार, जीतपुर बाजार में एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र पर बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोलकर लूटपाट की थी। दोपहर करीब 12 बजे केंद्र संचालक राजू प्रसाद रुपए बांटने की तैयारी कर रहे थे। तभी अचानक धमके दो युवकों ने उसने 20 हजार रुपए मांगे। 10 रुपए देने की बात कहकर राजू अपने काम में बिजी हो गए। तभी दूसरे बदमाश ने उनकी पीठ पर पिस्टल लगा दी। झटके से रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बैग में एक लाख 47 हजार रुपए थे। गुरुवार के दिन ही दूसरी घटना में बदमाश पकड़े गए। गुरुवार को ही बदमाशों के लूट करने को लेकर पुलिस छानबीन कर रही है।

वर्जन

ग्राहक सेवा संचालक को गोली मारकर बदमाशों ने नकदी लूटी थी। गुस्साई पब्लिक ने उनको घेरकर पकड़ लिया। बदमाशों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उनके कई घटनाओं में शामिल होने की संभावना है।

संतोष कुमार यादव, एसएचओ, बांसगांव

Posted By: Inextlive