रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि वह चाहते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मॉस्को में उनके अतिथि हों। इससे पहले पुतिन को व्हाइट हाउस की ओर से आमंत्रण मिला था।

वाशिंगटन (रॉयटर्स)। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने शुक्रवार को कहा कि वह चाहते हैं कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप मॉस्को में उनके अतिथि बने। पुतिन ने यह बात दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आर्थिक सम्मेलन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बहुत अच्छे संबंध हों, इसके लिए एक और बातचीत की आवश्यकता है। बता दें कि व्हाइट हाउस ने कुछ ही दिनों पहले पुतिन को आमंत्रित करते हुए कहा था कि ट्रंप की इच्छा है कि वो रूस के साथ एक बार फिर बातचीत करें। वो चाहते हैं कि दो परमाणु शक्तियों के बीच बिगड़े संबंधों को एक बार फिर बेहतर बनाया जाए।
16 जुलाई को हेलिंसकी में मिले थे ट्रंप और पुतिन
बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप और व्लादिमीर पुतिन आधिकारिक तौर पर पहली बार 16 जुलाई को फिनलैंड की राजधानी हेलिंसकी में मिले थे। हालांकि, ट्रंप को पुतिन से मिलना बहुत भारी पड़ गया था। उन्होंने वार्ता के दौरान अमेरिकी खुफिया विभाग के खिलाफ ऐसा बयान दे दिया, जिससे अमेरिका की राजनीति में विवादों का तूफान खड़ा हो गया। दरअसल, हेलिंसकी में बैठक के बाद जब दोनों राष्ट्रपति मीडिया के सामने मुखातिब हुए तो एक पत्रकार ने ट्रंप से सवाल किया, 'पुतिन ने 2016 राष्ट्रपति चुनावों में दखल के आरोप को नकार दिया है लेकिन अमेरिका की खुफिया एजेंसियों का कहना है कि रूस ने दखल दिया है। आपसे सवाल ये है कि आप क्या मानते हैं?'
विवादों के बावजूद पुतिन को भेजा न्योता
इसपर ट्रंप से जवाब देते हुए कहा, 'अमेरिकी अधिकारियों ने मुझे बताया कि उन्हें ऐसा लगता है कि रूस का हाथ है। अभी मेरे साथ पुतिन हैं, उन्होंने अभी कहा कि रूस का हाथ नहीं है। मैं भी यही कहूंगा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्यों किया होगा।' ट्रंप के इस जवाब के बाद अमेरिका की राजनीति में विवादों का तूफान आ गया, जिसके बाद उन्हें एक स्पष्टीकरण देना पड़ा और अपनी गलती भी माननी पड़ी। इतने विवादों के बावजूद ट्रंप ने पुतिन को व्हाइट हाउस आने के लिए न्योता भेजा और उनके इसी आईडिया से प्रेरित होकर पुतिन ने भी अब ट्रंप को मॉस्को आने के लिए इनवाइट कर दिया है। 

हेलिंसकी के बाद अब व्हाइट हाउस में होगी ट्रंप और पुतिन की मुलाकत, रूस चर्चा के लिए तैयार

ट्रंप पुतिन समिट : बातचीत के बाद अमेरिका लौटे डोनाल्ड ट्रंप, अपने बयान को लेकर करना पड़ रहा विवादों का सामना

Posted By: Mukul Kumar