झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय माओवादी जोनल कमांडर कालिका उर्फ पुन यादव को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है.

ranchi@inext.co.in
RANCHI : झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में सक्रिय माओवादी जोनल कमांडर कालिका उर्फ पुन यादव को बिहार के गया जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। कालिका बिहार के गया इलाके में छुपा हुआ था, इसी क्रम में बिहार एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया।

पलामू पुलिस ने की पूछताछ
गिरफ्तार कालिका से पलामू पुलिस की स्पेशल टीम ने गया जाकर पूछताछ की है। कालिका यादव बिहार के गया के डुमरिया थाना क्षेत्र के हरदी गांव का रहने वाला है। कालिका पर झारखंड सरकार ने 10 लाख रुपए का इनाम घोषित किया है। कालिका माओवादियों के मध्यजोन का जोनल कमांडर है। उसका कार्यक्षेत्र पलामू के हरिहरगंज, छतरपुर, नौडीहा बाजार, पिपरा, हुसैनाबाद, हैदरनगर और बिहार के औरंगाबाद गया के इलाके में है।

3 दर्जन नक्सली हमले में वांटेड
कालिका झारखण्ड-बिहार में तीन दर्जन से अधिक बड़े नक्सली हमले का आरोपी है। इन हमलों में डेढ़ दर्जन से अधिक जवान शहीद हुए हैं, जबकि कई लोग मारे गए हैं। पलामू पुलिस कालिका की सम्पत्ति का आकलन कर रही है। मामले में पलामू पुलिस ने बिहार से उसकी सम्पति का ब्यौरा भी मांगा है। कालिका पर झारखंड बिहार में 37 बड़े नक्सल हमले का आरोप है। जिसमें 25 झारखंड के पलामू में हैं।

पुलिस के समक्ष खोले कई राज
कालिका की झारखंड-बिहार सीमावर्ती क्षेत्र में बड़ी पकड़ है। कालिका ने पलामू पुलिस की स्पेशल टीम के समक्ष कई बड़े खुलासे किए हैं। उसने बताया है कि पलामू के आंतरिक भाग में कोई भी माओवादी दस्ता सक्रिय नहीं है।

 

Posted By: Inextlive