RANCHI: प्रधानमंत्री रांची आए तो नगर निगम ने पूरे शहर को चमका दिया। शहर को साफ रखने के लिए अधिकारियों और स्टाफ्स ने दिन-रात एक कर दिया। 24 घंटे न तो किसी ने टाइम देखा और न ही कोई घर गया। लेकिन पीएम के जाते ही शहर में गंदगी पसर गई। इतना ही नहीं, कचरा उठाने वाले भी गायब हो गए। स्थिति यह है कि चौक-चौराहों में गंदगी का अंबार लग गया है, जिससे कि पास से लोगों का गुजरना भी मुश्किल हो गया है। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि काश प्रधानमंत्री हर रोज रांची आते ताकि शहर तो साफ रहता।

बिना घंटा गिने काम का था निर्देश

अपर नगर आयुक्त ने शुक्रवार को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद दिया था। साथ ही कहा कि दिन-रात के परिश्रम से योग दिवस पर रांची नगर निगम की ओर से हम बेहतर सफाई सुनिश्चित करने में सफल हुए। ऐसी सफाई व्यवस्था देख शहर के नागरिकों की अपेक्षाएं भी बढ़ जाती हैं और उनपर खरा उतरने के लिए उपलब्ध संसाधन, योजनाबद्ध तरीके से नगर आयुक्त के मार्गदर्शन में बिना काम के घंटे गिने कठिन परिश्रम करना होगा। लेकिन 24 घंटे में ही सारे निर्देशों की धज्जियां उड़ गईं।

धुर्वा

योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में हुआ, जहां मैदान के अलावा आसपास के मोहल्लों में भी चकाचक सफाई कराई गई। लेकिन वहां से थोड़ी दूर में ही कचरे का अंबार लगा है। धीरे-धीरे वह जगह मिनी डंपिंग यार्ड बनता जा रहा है।

थड़पखना

डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन 100 परसेंट करने की बात नगर निगम कर रहा है। लेकिन थड़पखना में देखकर समझा जा सकता है कि डोर टू डोर कलेक्शन की हकीकत क्या है। यही वजह है कि रोड किनारे कचरा जमा हो गया है। वहीं निगम के स्टाफ्स भी सफाई के लिए नहीं आ रहे हैं।

पुरुलिया रोड

पीएम के जाते ही नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी सभी सुस्त पड़ गए हैं। पुरुलिया रोड में पंजाबी किचन के पास कचरे का ढेर जमा हो गया है। वहीं सड़कों पर घूमने वाले अवारा जानवर इसे रोड पर फैला रहे हैं। दुर्गध के कारण पास से गुजरने वालों के लिए मुसीबत बढ़ गई है।

हरिहर सिंह रोड

डोर टू डोर वेस्ट कलेक्शन वाली गाडि़यां तो कम दिख रही हैं। वहीं रोड सफाई वाले भी नहीं आ रहे हैं। इस वजह से रोड किनारे कचरा जमा हो रहा है। इसे लेकर लोगों ने कंप्लेन भी की है, इसके बावजूद कचरे का उठाव नहीं हुआ।

Posted By: Inextlive