-बरसात के मौसम में बढ़ जाती है परेशानी

-जनप्रतिनिधियों को लोगों की परेशानी से नहीं है कोई मतलब

JAMSHEDPUR : बरसात का मौसम बागबेड़ा इलाके के लोगों के लिए कई परेशानियां लेकर आता है। बारिश में अक्सर बागबेड़ा के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन जाते हैं। इलाके के लोग इस समस्या से सालों से जूझ रहे हैं। जनप्रतिनिधियों द्वारा अक्सर इस समस्या को दूर करने का आश्वासन दिया जाता है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।

बारिश बन जाती है मुसीबत

बरसात का मौसम अक्सर बागबेड़ा के लोगों के लिए लिए मुसीबत बन कर आता है। ज्यादा बरसात होने पर बागबेड़ा के कई इलाके पानी में डूब जाते हैं। पानी भरने पर कई लोगों को बेघर होना पड़ता है। घरों में पानी घुसने की वजह से लोगों का काफी नुकसान हो जाता है। पोटका विधानसभा क्षेत्र में स्थित बागबेड़ा के लोग वर्षों से इस समस्या से जूझ रहे हैं।

होती है परेशानी

ज्यादा बारिश होने पर बागबेड़ा के कई इलाकों में पानी भरता है। बागबेड़ा महानगर विकास समिति के अध्यक्ष सुबोध झा ने बताया कि नया बस्ती, बाबा कुटी, प्रधान टोला, सीपी टोला, शिव नगर, गणेश नगर सहित रिवर व्यू कॉलोनी, बड़ौदा घाट, सिद्धू-कान्हू बस्ती, हरहरगुट्टू के निचले भाग सहित कुछ अन्य इलाके बाढ़ से प्रभावित होते हैं। खरकई नदी का जलस्तर बढ़ने पर नाले के जरिए बागबेड़ा के निचले इलाकों में पहुंचने लगता है। सीवेज और ड्रेनेज की व्यवस्था सही होने की वजह से समस्या और भी बढ़ जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि निचले इलाकों में कई बार तो पानी आठ से दस फूट तक भर जाता है।

कब दूर होगी परेशानी

बाढ़ की समस्या को देखते हुए खरकई नदी पर स्लूस गेट बनाना शुरू हुआ था। सुबोध झा ने बताया कि काम पूरा हुए बगैर ही स्लूस गेट का निर्माण रुक गया है। इस संबंध में विधायक मेनका सरदार से बात किए जाने पर उन्होंने काम रुकने के संबंध में अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि वे इस संबंध में डीसी से बात करेंगी। पर सवाल उठता है कि इतनी गंभीर समस्या होने के बावजूद अब तक लोग क्यों हर साल इसे झेलने के लिए मजबूर हैं। सुबोध झा ने कहा कि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र की समस्याओं को दूर करने का हर संभव प्रयास करें, सिर्फ शिलान्यास कर संतुष्ट नहीं हों।

स्लूस गेट के निर्माण का कार्य रूका हुआ है। इस संबंध में मुझे जानकारी नहीं है। मैं डीसी से जानकारी लेकर जरूर कदम उठाउंगी।

-मेनका सरदार, विधायक, पोटका

बागबेड़ा में बाढ़ की समस्या वर्षों से चली आ रही है। खरकई नदी पर स्लूस गेट बनाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन बीच में ही काम रुक गया। बागबेड़ा के लोगों की इस गंभीर समस्या को दूर करने के लिए जनप्रतिनिधियों को गंभीरता से प्रयास करना चाहिए।

-सुबोध झा, अध्यक्ष, बागबेड़ा महानगर विकास समिति

बरसात के मौसम में हर वक्त चिंता बनी रहती है। ज्यादा बारिश होने पर अक्सर बागबेड़ा के इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है। इस समस्या को जल्दी से जल्दी दूर किया जाना चाहिए।

-विमलेश कुमार, बागबेड़ा

बरसात के मौसम में अक्सर बाढ़ जैसी स्थिति बन जाती है। यह समस्या यहां वर्षो से है। जनप्रतिनिधियों को बागबेड़ा के लोगों की समस्या समझनी चाहिए।

-नीरज कुमार, बागबेड़ा

Posted By: Inextlive