- पीने के पानी के लिए लोगों ने रोड पर ही गाड़ दिए हैंडपम्प

BAREILLY:

सुभाषनगर में जलभराव की समस्या की बात सर्व विदित है, लेकिन यहां के बाशिंदे पिछले 20 वर्ष से पीने के पानी की समस्या से भी जूझ रहे हैं। नगर निगम ने बंद हो चुकी यहां की वाटर सप्लाई लाइन को दोबारा शुरू नहीं किया। लिहाजा, लोगों ने घर में जगह नहीं होने के कारण पीने के पानी के लिए रोड पर ही हैंडपम्प गाड़ दिए। रोड पर हैंडपंप लगाने के पीछे लोगों का तर्क है कि इससे घर में पानी की जरूरत तो पूरी हो जाती है साथ ही राहगीरों के लिए ये हैंडपंप प्याऊ के काम भी आते हैं।

शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं

सुभाषनगर खन्ना बिल्डिंग से स्टेट बैंक तक नगर निगम की वाटर सप्लाई पाइप लाइन जर्जर होकर बंद पड़ी है। जिसे करीब 20 वर्ष हो चुके हैं। स्थानीय निवासियों और दुकानदारों ने इस बात की शिकायत जलकल विभाग के अधिकारियों से भी की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अधिकारियों ने जर्जर पाइप लाइन को बदलने की जहमत तक नहीं उठाई।

रोड पर आधा दर्जन से अध्िाक हैंडपम्प

सुभाषनगर खन्ना बिल्डिंग से स्टेट बैंक तक आधा दर्जन से अधिक हैंडपम्प गड़े हुए हैं। इनमें से सरकारी हैंडपम्प मात्र एक हैं। लोगों ने पर्सनल या दुकानदारों ने मिलकर हैंडपम्प लगाए हैं। वहीं कुछ लोग कैम्पर का पानी खरीद कर पीने को मजबूर हैं।

दुकानदारों और स्थानीय लोगों का तर्क

रोड पर ही हैंडपम्प लगाने की वजह यह है कि लोगों के घरों में हैंडपंप लगाने के लिए जगह की कमी है। क्योंकि ज्यादातर घरों में आंगन नहीं हैं। रूम के अंदर हैंडपम्प लगाना काफी मुश्किल है। लिहाजा, लोगों ने रोड पर ही हैंडपम्प गाड़ दिए।

हो चुकी है कई बार चोरी

रोड पर हैंडपम्प होने के कारण हैंडपम्प के पा‌र्ट्स की चोरी भी खूब होती है। स्मैकिए या चोर हैंडपम्प का हैंडिल और छड़ चोरी कर चुके हैं। जिससे तंग आकर लोगों ने हैंडिल और छड़ को वेल्ड करा दिया है। ताकि, आसानी से कोई सामान चोरी न हो सके।

मामले की जानकारी नहीं है। टीम को मौके पर भेज कर जांच कराई जाएगी। जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।

बलराम सिंह, महाप्रबंधक, जल कल विभाग

20 वर्ष से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। जिसकी वजह से हैंडपम्प लगाया है। राहगीरों को पीने के पानी के लिए परेशान न होना पड़े इसलिए रोड पर ही हैंडपम्प लगाया है।

राजू चौहान, सुभाषनगर

नगर निगम की वाटर सप्लाई लाइन जर्जर होकर बंद हो चुकी है। नगर निगम से कई बार शिकायत की गई। लेकिन समस्या का समाधान नहीं कराया गया।

विजय कुमार सक्सेना

Posted By: Inextlive