- थर्सडे को बदला रहा प्रदेश में मौसम का मिजाज, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी

- आज भी बारिश और बर्फबारी के आसार, शाम तक खुल सकता है मौसम

DEHRADUN: उत्तराखंड में शुक्रवार को चारधाम समेत उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। निचले इलाकों में दिनभर आसमान में काले बादल छाये रहे और रुक-रुक कर बारिश होती रही। मसूरी में ओलावृष्टि हुई तो धनोल्टी, सुरकंडा और नागटिब्बा की चोटियां बर्फ से एक बार फिर सफेद हो गई हैं। बर्फबारी और बारिश से पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। बागेश्वर में प्रशासन ने शुक्रवार को भी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी बारिश और बर्फबारी की संभावना है। शाम तक मौसम साफ हो सकता है। दून में भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रात के समय तेज बारिश हुई।

आसमान में छाए रहे बादल
गुरुवार को सुबह हल्की धूप निकली, लेकिन दोपहर तक आसमान में घने बादल छा गए। दोपहर बाद बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री के साथ औली, हेमकुंड और गोरसो बुग्याल व उत्तरकाशी में हर्षिल में भी बर्फबारी हुई। केदारनाथ में 16 दिन बाद भी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। उत्तरकाशी जिले में अब भी करीब तीन दर्जन गांव जिला मुख्यालय से कटे हुए हैं, जबकि गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे समेत चार सड़कों पर यातायात बहाल नहीं हो पाया है। देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऊधमसिंह नगर में बारिश का दौर बना हुआ है, जबकि मसूरी और विकासनगर में ओलावृष्टि हुई। कुमाऊं में भी मौसम का मिजाज बदला रहा। पिथौरागढ जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। निचले इलाकों में कई जगह बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई है।

Posted By: Inextlive