- दो दिन में ही मैक्सिमम टेम्प्रेचर 43 से 41.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा

BAREILLY:

मानसून का बेसब्री से इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून 28 जून से शहर में प्रवेश कर रहा है। इसके बाद लगातार बारिश होगी। अभी तक जो संभावना जताई जा रही है उसके मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में दो जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होती रहेगी।

हवाओं से गिरा पारा

वेदर एक्सपर्ट का कहना है कि एक बार फिर मानसूनी हवाओं में परिवर्तन की संभावना दिखाई दे रही है। यदि इन हवाओं की दिशाओं में बदलाव न हुआ तो 28 को मानसून आ जाएगा। इस दौरान तापमान में भी चार से पांच डिग्री की गिरावट आएगी। मानसून का रथ आंध्र प्रदेश से आगे बढ़ा तो उसका हल्का असर बरेली में भी महसूस हुआ। सैटरडे देर रात से ही हल्की ठंडी हवा चल रही है। जिसके कारण टेम्प्रेचर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। पिछले दो दिन में मैक्सिमम टेम्प्रेचर 43 डिग्री से गिरकर संडे को 41.6 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं मिनिमम टेम्प्रेचर 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

मानसून में देरी से गर्मी कर रही परेशान

पिछले 5 दिन से मौसम का मिजाज पूरी तरह से गर्म है। सुबह 7 बजे से ही तीखी धूप निकल आती है। उसके बाद तो घर से बाहर कदम रखना दूभर हो जाता है। दोपहर में तो शहर कंक्रीट की भट्टी में तब्दील हो जा रहा है। पंखे तो छोडि़ए कूलर और एसी भी इस गर्मी के आगे पनाह मांग रहे हैं। मानसून में देरी के कारण गर्मी और भी परेशान कर रही है।

यदि, हवाओं की दिशा नहीं बदली तो अगले दो-तीन दिन में बारिश होने की सम्भावना है। हालांकि, उमस बनी रहेगी।

डॉ। एचएस कुशवाह, वेदर एक्सपर्ट

Posted By: Inextlive