-आरा सासाराम स्टेट हाइवे पर सुबह 6 बजे हुआ हादसा

ARA/PATNA : शादी कर घर लौट रहा एक दूल्हा रविवार की अहले सुबह हादसे का शिकार हो गया। यह हादसा भोजपुर जिला अन्तर्गत आरा -सासाराम स्टेट हाइवे पर गड़हनी व चरपोखरी के बीच हुआ। अनियंत्रित मारुति वैन के ठोकर से बाइक पर सवार दूल्हा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका दायां पैर पूरी तरह फ्रैक्चर हो गया। हादसा सुबह छह बजे के आसपास हुआ। बाद में घायल दूल्हा को पीरो से सदर अस्पताल, आरा लाया गया। जहां से गंभीर हालत को देखकर उसे पीएमसीएच, पटना रेफर कर दिया गया। घायल रामपुकार सिंह (25वर्ष) अगिआंव बाजार थाना के अमेहता गांव निवासी सिपाही सिंह का पुत्र बताया जाता है। हालत नाजुक बनी हुई है। शादी वाले घर में कोहराम मच गया।

दुल्हन चली गई थी आगे

दरअसल बताया जा रहा कि पीरो अनुमंडल अन्तर्गत अगिआव बाजार थाना के सिपाही सिंह के इकलौते पुत्र रामपुकार सिंह की शादी गड़हनी के रामपुर गांव की राखी से तय हुई थी। शनिवार की रात गड़हनी नदी किनारे स्थित शिव मंदिर में शादी थी। रविवार की सुबह बारात विदाई के बाद कन्या पक्ष वाले दुल्हन को स्कार्पियो से लेकर खोईंछा देने के लिए अपने गांव रामपुर लेकर चले गए थे। इधर, चालक दुल्हन को लेकर पुन: गड़हनी आने के बदले सीधे पीरो चला गया था।

Posted By: Inextlive