KAUDIRAM:

प्रदेश में चारों तरफ अराजकता का माहौल व्याप्त है। सड़कें टूटी हैं तो उनकी मरम्मत के पैसे का पता नहीं, महिलाएं सुरक्षित नहीं, लूटमार चरम पर है। इसे जंगलराज नहीं तो और क्या कहा जाएगा। जनता अगर सतर्क नहीं हुई तो उसके मौलिक अधिकार भी छीन लिए जाएंगे। ये बातें बहुजन समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रामअचल राजभर ने शनिवार को बांसगांव विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहीं। इस मौके पर मायावती की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि बहन मायावती के नेतृत्व में ही समता मूलक समाज की स्थापना कर अमन चैन कायम हो सकता है।

विपक्षियों पर साधा निशाना

अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में सर्वाधिक शासन करने का मौका कांग्रेस और भाजपा को प्राप्त हुआ। कांग्रेस ने बार-बार गरीबी हटाओ का नारा दिया लेकिन आजादी के उनहत्तर वर्ष बाद भी देश से गरीबी कम नहीं हुई। गरीबी दूर करने के नाम पर आवंटित धन को नेताओं ने स्विस बैंक में जमा कर रखा है। भाजपा पर हमला बोलते हुए राजभर ने कहा कि भाजपा ने जनता से झूठ बोल कर केंद्र में सत्ता प्राप्त कर ली और आज तक किसी के भी खाते में काला धन नही आया। विधानसभा चुनाव 2017 का शंखनाद करते हुए उन्होंने कांग्रेस व भाजपा को जन विरोधी पार्टी बताया। मायावती के नेतृत्व में चली सरकार की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा शासन काल में अपराधियों की जगह जेल में थी। गुंडे व माफिया प्रदेश से पलायित हो चुके थे। सम्मेलन को जोनल कोआर्डिनेटर रामसूरत चौधरी, मिट्ठू राजभर, डॉ.जैनेन्द्र कुमार और सैयद गुलाम हुसैन ने भी संबोधित किया। इस मौके पर बांसगांव के विधायक डॉ। विजय कुमार ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार एवं संचालन सरितेश मिश्र ने किया। इस अवसर पर चिल्लूपार के विधायक राजेश त्रिपाठी, लालजी भारती, श्रवण कुमार निराला, ोमप्रकाश गौतम, जटाशंकर राय, जावेद उस्मानी, विश्वजीत संह, वीरेन्द्र पांडेय, सुनील निषाद, ओमप्रकाश गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Posted By: Inextlive