ADITYAPUR: आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित विद्युत नगर में मंगलवार की देर रात मिट्ठू रानी महतो नामक 35 वर्षीय महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हथियार से महिला की गर्दन पर हमला किया गया है। महिला के पिता पुरुलिया निवासी कमलाकांत महतो ने दामाद व उसकी प्रेमिका पर बेटी की हत्या करने का प्राथमिकी दर्ज करायी है। पुलिस ने नवीन महतो को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के संबंध में बताया जाता है कि नवीन जमशेदपुर स्थित मद्रासी होटल में काम करता है। वह अक्सर देर रात को घर आता था। बीते मंगलवार की रात करीब 11 बजे जब वह आया तो देखा कि घर में पत्‍‌नी मिट्ठू रानी लहूलुहान पड़ी है। घटना की सूचना पड़ोसियों को देने के बाद उसने पुलिस को फोन कर जानकारी दी। रात में ही पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पति ने दो घंटे बाद किया पुलिस को फोन

जानकारों ने बताया कि नवीन मंगलवार की रात करीब 11 बजे घर लौटा और दो घंटे के बाद उसने पुलिस को पत्‍‌नी की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद सरायकेला जिले के एसपी चंदन सिन्हा, एसडीपीओ अविनाश कुमार, मुख्यालय डीएसपी अपनी टीम के साथ पहुंचे। मामले को संदेहास्पद मानते हुए पुलिस ने महिला के पति नवीन महतो को हिरासत में ले लिया। पुलिस को शक है कि कहीं आपसी विवाद में नवीन ने ही तो पत्‍‌नी की हत्या की हो? पुलिस मामले की जांच वैज्ञानिक तरीके से कर रही है।

नवीन व उसकी प्रेमिका पर हत्या का आरोप

दूसरी ओर, हत्या मामले में लड़की के पिता कमलाकांत महतो ने दामाद नवीन महतो व उसकी प्रेमिका के ऊपर हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है। कमलाकांत महतो ने उनकी पुत्री की हत्या नवीन व उसकी प्रेमिका ने की है। बताया कि पांच वर्षो से नवीन का किसी लड़की से प्रेम प्रसंग था। जिसके चलते घर में बराबर विवाद होता था। इस विवाद के कारण ही नवीन के दो बच्चे पुरूलिया में मेरे घर पर रहकर पढ़ाई करते हैं। हांलाकि थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने कहा कि पिता के बयान पर मामला दर्ज करके पुलिस जांच कर रही है।

Posted By: Inextlive