PATNA : दीदारगंज थाना एरिया के कोठिया के हीरानंदपुर में दहेज के लिए ससुराल वालों ने पहले विवाहिता की लाठी व लोहे के रड से पिटाई की फिर गला दबाकर हत्या कर दी। मृतका के पिता शेखपुरा निवासी विनोद सिंह ने बेटी की हत्या कर शव गायब कर देने की प्राथमिकी दर्ज करायी है। प्राथमिकी में पति समेत सात लोगों को नामजद किया गया है। इन सभी पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप है। थानाध्यक्ष दीपांकर श्रीचंद ने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है। सभी घर से फरार हैं।

वर्ष 2018 में हुई थी शादी

मृतका के पिता ने बताया कि 29 अप्रैल 2018 को बेटी श्रुति का विवाह कोठिया के हीरानंदपुर निवासी राजकिशोर सिंह के पुत्र जयपाल सिंह से किया था। पिता ने बताया कि शादी के छह महीना बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताडि़त किया जाने लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि पति जयपाल सिंह ने व्यापार के लिए एक लाख रुपए और बाइक की मांग की थी। पिता ने बताया कि रविवार को बेटी ने मोबाइल पर बातचीत के दौरान मारने-पीटने की बात कही थी। श्रुति की हत्या होने की जानकारी उसके ससुराल से ग्रामीणों द्वारा किए गए फोन से मिली। बेटी के ससुराल पहुंचा तो घर के सभी लोग फरार थे। पिता का आरोप है कि श्रुति की हत्या 30 जून की रात की गयी। लाश का कुछ पता नहीं चल रहा है। पिता ने पुलिस से आरोपितों को सख्त सजा दिलाने की मांग किया है।

Posted By: Inextlive