घास लेने आई थीं महिलाएं, एक के हाथ में आ धंसी गोली

एएसपी क्राइम पहुंचे, मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस

Meerut : सोफीपुर आर्मी शूटिंग रेंज के पास मामेपुर गांव के जंगल में घास काटने गई एक महिला अचानक गोली लगने से घायल हो गई। इससे आसपास काम कर रहीं अन्य महिलाएं घबरा गई। सूचना पर महिला के परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को पहले जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन शरीर में गोली धंसने के चलते उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया।

ये है मामला

पल्लवपुरम थाना क्षेत्र में आर्मी की शूटिंग रेंज है। वहां, सेना के आलावा पीएसी व एनसीसी की फाय¨रग भी होती है। शुक्रवार को सोफीपुर निवासी महिला कृष्णा (48) पत्नी राजू गांव की ही जयवती, प्रेमवती व तीन-चार अन्य महिलाओं के साथ जंगल से घास लेने गई। सभी महिलाएं शूटिंग रेंज के पास मामेपुर गांव के जंगल में घास काट रही थीं। इसी दौरान फाय¨रग की आवाज आने लगी। अचानक कृष्णा चीख के साथ जमीन पर लेट गई, जिसके बाद महिलाएं उसकी तरफ दौड़ पड़ीं। हाथ से खून बहता देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद दो महिलाएं भागकर कृष्णा के घर पहुंचीं और घटना की जानकारी दी।

होगा आपरेशन

परिजन मौके पर पहुंचे और कृष्णा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां जाकर गोली लगने का पता चला। अस्पताल का मीमो पहुंचने पर पल्लवपुरम पुलिस पहुंच गई। वहीं, डॉक्टरों द्वारा गोली हाथ में धंसी होने और ऑपरेशन शनिवार को करने की बात कहने पर परिजन कृष्णा को बागपत रोड स्थित प्राइवेट अस्पताल में ले आए। सूचना पर एएसपी क्राइम सतपाल आंतिल अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

Posted By: Inextlive