RANCHI: पति, पत्नी और वो का एक अजीबो-गरीब मामला महिला थाना पहुंचा है, जहां एक महिला को न पति का घर नसीब हो रहा है, न अपने ब्वॉयफ्रेंड का। महिला अपने सहारे और घर के लिए महिला थाना में फरियाद कर रही है।

यह है मामला

महिला थाना पहुंची पीडि़ता ने बताया कि शादी के बाद वो रांची में ही अपने पति के साथ रहने लगी। इस बीच पति का व्यवहार उसके साथ दिन पर दिन खराब होता चला गया। महिला की परेशानी और दुख को देखकर उसके ठीक सामने रहने वाले व्यक्ति ने उसे सहारा दिया। आगे चलकर दोनों ने शादी करने की सोची और यही सोचकर महिला अपने पति को छोड़ उस व्यक्ति के साथ चली गई। इस बीच महिला और उसका ब्वॉयफ्रेंड तेनुघाट में डेढ़ सालों तक साथ रहे। महिला ने बताया कि अचानक से उस व्यक्ति का व्यवहार भी उसके साथ बदलने लगा और उसने उसके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। एक दिन उसने महिला को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। अंत में महिला लौटकर अपने पहले पति के पास रांची आ गई, लेकिन उसके आने के बाद अब पति भी उसे रखने को तैयार नहीं है।

पति पर 80 हजार ठगी का आरोप

पीडि़ता ने बताया कि उसके वापस लौटने के बाद पति ने मनी मेकिंग का रास्ता अपनाया। पत्नी को लेकर गए व्यक्ति को पति ने फोन कर पैसे की डिमांड की। पैसे नहीं देने पर उसने पत्नी की किडनैपिंग का केस करने की धमकी दी। इस बीच दोनों में बातचीत हुई और पैसे की लेन-देन कर मामला खत्म करने पर सहमती हुई। अंतत: पति ने उस व्यक्ति से 80 हजार रुपए ले लिए।

पति के घर रहते हैं बच्चे

महिला ने बताया कि पति ने पैसा तो वसूल लिया, लेकिन अब भी वो उसे अपने घर में रखने को तैयार नहीं है, जबकि उसके बच्चे पति के घर पर ही है। वहीं वो जिसके साथ तेनुघाट में रह रही थी उसने भी उसे अपने साथ रखने से मना कर दिया है। आखिरकार महिला ने महिला थाना का दरवाजा खटखटाया है।

.वर्जन।

ये थोड़ा उलझा हुआ मामला है। एक तरफ महिला को पति द्वारा नहीं रखने का मामला है, तो दूसरी ओर 80 हजार रुपए दूसरे व्यक्ति से लेने का भी आरोप है। मामले की जांच की जा रही है। इस बीच महिला के पति की भी काउंसलिंग की जाएगी।

-दीपिका कुमारी, महिला थाना प्रभारी

Posted By: Inextlive