RANCHI:हमारी बेटियों व बहनों ने देश का नाम रोशन किया है। पीएम मोदी की भी सोच है कि नारी शक्ति हमारे समाज, राज्य व राष्ट्र की शक्ति बने। भारत में नारी शक्ति को हम देवी के रूप में पूजते हैं। हमें महिलाओं को आगे करना होगा। हमने जब-जब अपनी बहनों को, बेटियों को आगे बढ़ने का मौका दिया है, तब-तब उन्होंने भारत का नाम रोशन किया। ये बातें मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ज्यूडिशियल एकेडमी धुर्वा में सोमवार को कहीं। वह दो दिनी 8वें राष्ट्रीय महिला पुलिस सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद संबोधित कर रहे थे।

विकास को महिला ने ठाना

रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में हर क्षेत्र में विकास की असीम संभावनाएं है। हमारे यहां साम‌र्थ्य है, संभावना है और संयोग है। यदि हमारे राज्य की महिलाओं को हम साथ लेकर आगे बढ़े हैं, तो हमारे राज्य को विकसित राज्य बनने से कोई नहीं रोक सकता है। राज्य की महिलाओं ने ठान लिया है, अब विकास कोई रोक नहीं सकता। महिलाओं के इस विशेष योगदान को ध्यान रखते हुए राज्य सरकार ने पुलिस बहाली में 33 परसेंट आरक्षण महिलाओं के लिए किया है। इसके साथ ही अलग बटालियन का गठन किया गया है।

पुलिस को दक्ष बनाना है।

सीएम ने कहा कि तकनीकी युग में अपराध का स्वरूप भी बदल रहा है। नए-नए प्रकार के अपराधों से सुरक्षा बलों का सामना हो रहा है। हमें इस चुनौती को अवसर के रूप में लेना है। अपने पुलिसकर्मियों को हर प्रकार से दक्ष बनाना है। महिला पुलिस के इस कार्यक्रम में किस प्रकार दक्षता और पेशेवर तरीके से हम तकनीक का उपयोग करते हुए आने वाली चुनौतियों से निपट सकते हैं, उस पर मंथन होगा। इसका जो भी सार निकलेगा उसका लाभ पूरे देश को मिलेगा। मौके पर मुख्य रूप से डीजीपी डीके पांडे, बीपीआरएंडडी के महानिदेशक एपी महेश्वरी, सम्मेलन की अध्यक्ष बी संध्या, सचिव संपत मीना, झारखंड आयोजन समिति की सचिव प्रिया दुबे मौजूद थे।

Posted By: Inextlive