- बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे पर डाबरकोट के पास आया मलबा

- हाईवे बंद होने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को हुई परेशानी

BADKOT: यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास बुधवार देर रात तेज बारिश के कारण मलबा आने से बंद हो गया। करीब 200 मीटर हिस्से में मलबा व पत्थर आने से हाईवे गुरुवार सुबह चार से शाम चार बजे तक बंद रहा। वहीं, उत्तरकाशी लंबगांव केदारनाथ मार्ग भी धौंतरी के निकट सुबह चार बजे से लेकर दस बजे तक बंद रहा। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। मार्ग बंद होने के कारण यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर तक हाईवे पर गिरता रहा मलबा

उत्तरकाशी में बारिश के कारण यमुनोत्री हाईवे डाबरकोट के पास गुरुवार सुबह चार बजे मलबा आने से बंद हो गया। हाईवे पर दोपहर तक लगातार मलबा गिरता रहा। इसके कारण हाईवे खोलने का काम भी बाधित हुआ। सुबह से लेकर शाम तक यमुनोत्री जाने आने वाले यात्रियों को मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा। आपदा प्रबंधन विभाग के समन्वयक जय पंवार ने बताया कि ओजरी के पास यमुनोत्री की ओर जाने वाले 57 छोटे-बड़े वाहन तथा स्यानाचट्टी में बडकोट की ओर आने वाले 23 वाहन फंसे रहे। इनमें करीब 700 यात्री थे। बड़कोट के थानाध्यक्ष विनोद थपलियाल ने बताया कि मार्ग बंद रहने के दौरान सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर रोका गया था। गुरुवार की शाम चार बजे हाईवे वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया। उधर, मोरी नैटवाड़ जखोल मार्ग घुयां घाटी के पास मलबा आने से बंद है। तालुका से ओसला गंगाड़ जाने वाला मार्ग भी हलारा गदेरे में बंद पड़ा हुआ है।

मलबा आने से जोशीमठ मलारी हाईवे बंद

GOPESHWAR: बुधवार रात हुई बारिश से जोशीमठ मलारी हाईवे सुरांईथोटा के पास मलबा आने से बंद हो गया। सात घंटे बंद रहने के बाद गुरुवार को सीमा सड़क संगठन ने सड़क को खोला। हाईवे खुलने के बाद सीमा क्षेत्र के गांवों के लोगों को राहत मिली है। बीती रात चमोली जिले में भारी बारिश हुई। सीमा सड़क संगठन के कमांडर एसएस मक्कड़ का कहना है की सुबह आठ बजे मलारी हाईवे सड़क पर भारी मलबा आने से बंद हो गया था। बीआरओ ने हाईवे से मलबा हटाकर यातायात सुचारू कराया।

Posted By: Inextlive